मेडिकल की आड़ में चल रहा था 10 बेड का हॉस्पिटल
Share
-परसाद में दो अवैध क्लीनिकों पर छापा, सील
सलूम्बर, 16 अक्टूबर (विजन 360 न्यूज डेस्क) : सलूम्बर जिले में चिकित्सा विभाग की टीम ने पुलिस थाना परसाद के सहयोग से गुरुवार को परसाद कस्बे में चल रहे दो अवैध क्लीनिकों पर बड़ी कार्रवाई की। टीम के पहुंचते ही दोनों क्लीनिक संचालक मौके से फरार हो गए। जांच में पाया गया कि दोनों स्थानों पर बिना किसी पंजीकरण, मान्यता या वैध डिग्री के मेडिकल प्रैक्टिस की जा रही थी। एक स्थान पर तो 10 बेड का मिनी हॉस्पिटल संचालित किया जा रहा था।
छापे के दौरान टीम को भारी मात्रा में विभिन्न प्रकार की दवाइयां, इंजेक्शन, स्टेरॉयड, ग्लूकोज की बोतलें व अन्य चिकित्सा उपकरण मिले। मौके पर किसी प्रकार का रजिस्ट्रेशन, पॉल्यूशन कंट्रोल सर्टिफिकेट, बायोमेडिकल वेस्ट डिस्पोजल सर्टिफिकेट या योग्यता प्रमाण पत्र नहीं मिला। इस पर टीम ने दोनों क्लीनिकों को तत्काल प्रभाव से सील कर नोटिस चस्पां किया।
कार्रवाई में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. महेंद्र कुमार परमार, चिकित्सा अधिकारी प्रभारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परसाद डॉ. महेंद्र डामोर, पुलिस थाना परसाद के सहायक उप निरीक्षक भेरू सिंह शामिल रहे। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि बिना अनुमति चल रहे ऐसे क्लीनिकों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
