LOADING

Type to search

प्रतापगढ़ में 15 वर्षीय मंदबुद्धि नाबालिग से दुष्कर्म, 6 माह की गर्भवती होने पर खुलासा

Local

प्रतापगढ़ में 15 वर्षीय मंदबुद्धि नाबालिग से दुष्कर्म, 6 माह की गर्भवती होने पर खुलासा

Share

मां ने न्याय और इलाज की मांग की
प्रतापगढ़, 30 अक्टूबर (विजन 360 न्यूज):
राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले में एक 15 वर्षीय मंदबुद्धि नाबालिग के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता के छह माह की गर्भवती होने पर इस जघन्य अपराध का खुलासा हुआ, जिसके बाद पीड़िता की मां ने न्याय और इलाज के लिए गुहार लगाई है।
घटना बड़ा थाना क्षेत्र की है। पीड़िता की मां के अनुसार कालीघाटी निवासी छगन पुत्र नाकला मीणा ने उनकी बेटी के साथ दुष्कर्म किया। उन्होंने बताया कि घटना के दिन जब पीड़िता स्कूल जा रही थी, तब आरोपी छगन मीणा ने उसे अपनी बाइक पर बिठाया और स्कूल के बजाय अपनी दुकान पर ले जाकर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने नाबालिग को चांदी का कंदौरा (कमरबंद) और सोने का कांटा (कान का आभूषण) देने का लालच दिया और साथ ही इस घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़िता के 6 माह की गर्भवती होने पर जब मां को इस दुष्कर्म का पता चला, तो उन्होंने गांव के पंचों के सामने यह बात रखी। उस समय आरोपी और उसके परिवार वालों ने पीड़िता के इलाज का खर्च उठाने का आश्वासन दिया था, लेकिन बाद में वे अपनी बात से मुकर गए।
आर्थिक रूप से कमजोर पीड़िता का परिवार, जो मजदूरी कर जीवन यापन करता है, न्याय के लिए पुलिस अधीक्षक (एसपी) के पास पहुंचा। पीड़िता की मां ने एसपी को पूरी घटना बताते हुए आरोपी छगन के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधीक्षक ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही, एसपी ने बाल संरक्षण अधिकारियों को भी मामले की गंभीरता से अवगत कराया है, ताकि नाबालिग पीड़िता को तत्काल और उचित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *