क्रिकेट टूर्नामेंट के बीच दबोचा गया 20 साल का तस्कर
Share
खिलाड़ियों को दे रहा था ट्रेनिंग, राजस्थान-एमपी में फैला रखा था तस्करी नेटवर्क
चित्तौड़गढ़, 28 जनवरी: राजस्थान और मध्यप्रदेश में मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले 20 वर्षीय इनामी तस्कर को एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने क्रिकेट मैच के दौरान गिरफ्तार किया है। आरोपी को उस वक्त पकड़ा गया, जब वह प्रतापगढ़ के कोटड़ी गांव में चल रहे क्रिकेट टूर्नामेंट में मौजूद था और गांव के युवाओं को ट्रेनिंग दे रहा था।
एटीएस व एएनटीएफ राजस्थान के महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार ने बताया कि आरोपी मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले का वांछित तस्कर है। एमपी पुलिस से सूचना मिलने के बाद एएनटीएफ ने उसके ठिकानों और गतिविधियों पर निगरानी शुरू की। जांच में सामने आया कि आरोपी आवेश क्रिकेट का शौकीन है और गांवों में होने वाले टूर्नामेंटों में नियमित रूप से जाता है।
पुलिस के अनुसार आवेश कोटड़ी गांव का निवासी है और 10वीं के बाद पढ़ाई छोड़ चुका है। एक साल पहले उसके पिता बादशाह खान एनडीपीएस मामले में जेल गए थे, जिसके बाद आर्थिक तंगी में वह तस्करों के संपर्क में आ गया। शुरुआत में छोटे स्तर पर काम करने के बाद वह एमडी और डोडा पोस्त की तस्करी में सक्रिय हो गया।
आवेश राजस्थान से मादक पदार्थ लेकर मध्यप्रदेश तक सप्लाई करता था और लंबे समय तक पुलिस से बचता रहा। क्रिकेट टूर्नामेंट की सूचना के आधार पर बनाई गई रणनीति के तहत एएनटीएफ टीम ने मैच के बीच उसे दबोच लिया। आरोपी से पूछताछ जारी है और आगे की कार्रवाई संबंधित एजेंसियां कर रही हैं।
