चलती रोडवेज बस में बच्चे ने लिया जन्म, ड्राइवर बस ले गया हॉस्पिटल
Share
मोरड़ी गांव के पास हुई डिलीवरी
बांसवाड़ा, 24 अक्टूबर (विजन 360 न्यूज डेस्क): राजस्थान रोडवेज की चलती बस में शुक्रवार शाम एक महिला ने बच्चे को जन्म दिया। बस के ड्राइवर और सवारियों की मदद से महिला और नवजात को सुरक्षित रूप से महात्मा गांधी हॉस्पिटल तक पहुंचाया गया। अस्पताल में मां और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।
पीलिया के इलाज के बाद घर लौट रही थी महिला
मध्य प्रदेश के बड़ी सरवन निवासी दिनेश अपनी गर्भवती पत्नी रमिला (23) के साथ पीलिया के इलाज के लिए उदयपुर गए थे। वहां से दवा लेकर दोनों बांसवाड़ा लौट रहे थे। मोरड़ी गांव के पास रमिला के पेट में दर्द शुरू हुआ और बड़गांव के पास बस में ही डिलीवरी हो गई।
ड्राइवर ने रोके बिना हॉस्पिटल पहुंचाया
बस ड्राइवर ने रास्ते में बस नहीं रोकी और सीधे हॉस्पिटल ले गया। तलवाड़ा एंबुलेंस टीम भी मौके पर पहुंची और प्रसूता व नवजात को एंबुलेंस में शिफ्ट कर जनाना वार्ड तक पहुँचाया।
मां-बच्चा स्वस्थ, परिवार खुश
अस्पताल में दोनों को भर्ती किया गया। डॉक्टरों ने बताया कि मां और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। पिता दिनेश ने कहा कि अब उनका बेटा हुआ है और मुश्किल वक्त में मददगार बने सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार बच्चे को रोडवेज में फ्री सफर का लाभ देगी।
