अरनोद में दहेज प्रथा पर प्रहार: वर पक्ष ने लौटाए 3 लाख, लिया सिर्फ 1 रुपए का शगुन
Share
डूंगरपुर, 9 दिसम्बर: प्रतापगढ़ जिले के अरनोद क्षेत्र में एक शादी समारोह समाज में सकारात्मक संदेश का केंद्र बन गया, जब वर पक्ष ने वधू पक्ष द्वारा दिए जा रहे तीन लाख एक सौ एक रुपए लौटाकर मात्र 1 रुपए का शगुन स्वीकार किया। ठिकाना कोटड़ी से ब्रजपाल सिंह शक्तावत की बारात जब सुखेड़ा पहुंची, तो तोरण की रस्म के दौरान वधू पक्ष ने परंपरानुसार राशि भेंट करनी चाही, लेकिन वर ब्रजपाल सिंह ने मुस्कुराते हुए सिर्फ प्रतीकात्मक 1 रुपए स्वीकार किए और बाकी राशि सम्मानपूर्वक वापस कर दी।
इस फैसले ने समारोह में मौजूद लोगों को प्रभावित किया और पूरे क्षेत्र में इसकी चर्चा होने लगी। प्रतापगढ़ क्षत्रिय महासभा के जिला अध्यक्ष विश्वजीत सिंह जाजली ने इसे समाज में जागरूकता लाने वाला प्रेरक कदम बताया। उन्होंने कहा कि दहेज जैसी कुरीतियां तभी मिटेंगी जब युवा स्वयं पहल करेंगे और विवाह को दिखावे से नहीं, बल्कि संस्कार और सम्मान से जोड़ेंगे।
वर के पिता राजेंद्र सिंह और परिवार के इस निर्णय को समाज के वरिष्ठजनों और विभिन्न संगठनों ने भी सराहते हुए कहा कि यह कदम रिश्तों की असली नींव—विश्वास और मर्यादा—को मजबूत करने वाला है। क्षेत्र में इसे दहेज प्रथा के खिलाफ एक शांत लेकिन प्रभावी आंदोलन की शुरुआत माना जा रहा है।
