LOADING

Type to search

चित्तौड़गढ़ में खड़े कंटेनर से भिड़ी कार, दो की मौत

Local

चित्तौड़गढ़ में खड़े कंटेनर से भिड़ी कार, दो की मौत

Share

उदयपुर, 21 सितम्बर: चित्तौड़गढ़ जिले के भदेसर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चित्तौड़गढ़-उदयपुर हाईवे पर हाज्या खेड़ी पुलिया के पास खड़े कंटेनर में तेज रफ्तार कार घुस गई। हादसे में गुजरात निवासी एक महिला और एक पुरुष की मौके पर ही मौत हो गई।
भदेसर थानाधिकारी धर्मराज मीणा ने बताया कि कार सवार लोग चित्तौड़गढ़ से उदयपुर की ओर जा रहे थे। हाज्या खेड़ी पुलिया के पास उनकी कार खड़े कंटेनर से पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। दोनों सवार कार में ही फंस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
दरवाजा तोड़कर निकाले शव
दुर्घटना की सूचना पर पुलिस और 112 टीम मौके पर पहुंची। राहत-बचाव कार्य के दौरान कार का दरवाजा तोड़कर शव बाहर निकाले गए। शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया गया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि मृत युवक के पास से मिले पहचान पत्र के आधार पर उसकी पहचान गुजरात निवासी दिलीप कुमार पागी के रूप में हुई है। उसके पास से महिंद्रा फाइनेंस का आईडी कार्ड भी मिला। वहीं मृत महिला के पास से मिले दस्तावेजों पर बामणिया किंजल नाम दर्ज है। दोनों के रिश्ते को लेकर फिलहाल आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है। पोस्टमॉर्टम परिजनों की मौजूदगी में ही कराया जाएगा। परिजनों के चित्तौड़गढ़ पहुंचने के बाद शव सुपुर्द किए जाएंगे।
हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और राहगीर इकट्ठा हो गए। लोगों ने बताया कि इस स्थान पर अक्सर बड़े वाहन खड़े रहते हैं, जिसकी वजह से दुर्घटनाएं आम हो गई हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि इस पर स्थायी समाधान निकाला जाए।

Tags:

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *