LOADING

Type to search

राजसमंद में कार पलटी, आग लगने से मासूम जिंदा जली

Local

राजसमंद में कार पलटी, आग लगने से मासूम जिंदा जली

Share

परिवार को बाहर निकालने में लगी एक घंटे की मशक्कत
राजसमंद, 1 जनवरी :
राजसमंद जिले में तेज रफ्तार का कहर सामने आया, जब बेकाबू कार के पलटते ही उसमें आग लग गई। इस हृदयविदारक हादसे में एक साल की मासूम बच्ची जिंदा जल गई, जबकि उसके माता-पिता, बड़ी बहन और चालक को राहगीरों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग की लपटों के बीच से बाहर निकाला। सभी घायलों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसा आमेट थाना सर्कल में बुधवार रात करीब 10 बजे हुआ। कार सवार परिवार खाटूश्यामजी के दर्शन कर रेलमगरा लौट रहा था। बताया गया कि तेज रफ्तार के कारण कार अनियंत्रित होकर पलट गई और पलटते ही सेकेंड्स में आग की चपेट में आ गई। कार में कुल पांच लोग सवार थे।
आमेट थाना प्रभारी ओम सिंह चुंडावत के अनुसार, रेलमगरा निवासी विकास जैन (32), उनकी पत्नी राजेश्वरी जैन, उनकी दो बेटियां धनिष्ठा (4) और प्रनिधि (1) तथा चालक कालूराम कार में थे। हादसे में एक साल की प्रनिधि की मौके पर ही जलने से मौत हो गई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि कार में सवार लोग बुरी तरह फंस गए थे। पति-पत्नी और बड़ी बेटी को बाहर निकालने में करीब एक घंटा लग गया, लेकिन तब तक मासूम बच्ची को नहीं बचाया जा सका। रेस्क्यू के दौरान कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
घायलों को राजसमंद के आर.के. जिला अस्पताल रेफर किया गया है। राजेश्वरी जैन के पैर में फ्रैक्चर है, विकास जैन की जीभ गंभीर रूप से कट गई है, जबकि चालक और चार वर्षीय बच्ची की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Tags:

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *