चित्तौड़गढ़ मंडी में मिला कंबल में लिपटा सड़ा शव
Share
शरीर पर फफोले और भीगा शरीर देख बीमारी या नशे की लत से मौत की आशंका; पुलिस ने जांच शुरू की
चित्तौड़गढ़, 9 नवम्बर (विजन 360 न्यूज डेस्क): चित्तौड़गढ़ की कृषि उपज मंडी सेंती में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब मंडी प्लेटफार्म पर कंबल में लिपटा एक अज्ञात युवक का सड़ा हुआ शव मिला। शव पर फफोले और भीगे कपड़े देखकर पुलिस ने बीमारी या नशे की लत के चलते हुई प्राकृतिक मौत की संभावना जताई है।
सुबह काम शुरू होते ही लोगों ने मंडी प्लेटफार्म पर कंबल में लिपटे एक व्यक्ति को पड़ा देखा। पहले उसे सोया हुआ समझा गया, लेकिन पास जाकर देखने पर उसकी मौत का पता चला। चौकीदार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मृतक की उम्र करीब 30–35 वर्ष बताई जा रही है। शरीर पूरी तरह भीगा हुआ था और जगह-जगह फफोले फट चुके थे।
पुलिस के अनुसार ये लक्षण शुगर या नशे की लत जैसी बीमारी से हुई मौत की ओर संकेत करते हैं। मृतक के पास कोई पहचान पत्र, मोबाइल या दस्तावेज नहीं मिले। स्थानीय लोगों ने बताया कि वह पिछले कुछ दिनों से शहर में अस्थिर हालत में घूमता नजर आया था।
सदर थाना पुलिस और MOB टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। शव सुबह करीब 10 बजे तक मंडी परिसर में पड़ा रहा। इसके बाद उसे जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।
ASI अमरसिंह ने बताया कि शव की फोटो जिले के सभी थानों में भेज दी गई है ताकि पहचान हो सके। पुलिस ने अनुमान जताया है कि मौत दो से तीन दिन पहले हुई होगी। फिलहाल पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएगा।
