LOADING

Type to search

सांवलियाजी मंदिर में श्रद्धालु से मारपीट, प्राइवेट सिक्योरिटी पर गंभीर आरोप

Local

सांवलियाजी मंदिर में श्रद्धालु से मारपीट, प्राइवेट सिक्योरिटी पर गंभीर आरोप

Share

फोटो-वीडियो बनाने पर भड़का गार्ड; नाक-पैर से बहा खून, वीडियो डिलीट कराए जाने का दावा
मंडफिया, 22 दिसम्बर:
प्रसिद्ध सांवलियाजी मंदिर में एक बार फिर श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। मध्य प्रदेश से दर्शन के लिए आए एक युवक के साथ मंदिर में तैनात प्राइवेट सिक्योरिटी कंपनी के गार्ड द्वारा बेरहमी से मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक को इतना पीटा गया कि उसकी नाक और पैर से खून बहने लगा। घटना को लेकर श्रद्धालुओं में भारी रोष है।
फोटो-वीडियो लेने पर शुरू हुआ विवाद
पीड़ित प्रियांशु मालवीय, निवासी कुकड़ेश्वर (जिला नीमच, मध्य प्रदेश), रविवार रात मंदिर के कॉरिडोर में फोटो-वीडियो बना रहे थे। इसी दौरान टाइगर फोर्स सिक्योरिटी कंपनी के एक गार्ड ने आपत्ति जताई और देखते ही देखते गाली-गलौज शुरू कर दी। प्रियांशु के अनुसार, उन्होंने शांति से बात करने की कोशिश की, लेकिन गार्ड धमकाने लगा। जब उन्होंने पूरे घटनाक्रम का वीडियो रिकॉर्ड करना शुरू किया, तो गार्ड ने अन्य साथियों को भी बुला लिया।
सीसीटीवी से दूर ले जाकर पिटाई का आरोप
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गार्ड प्रियांशु को सीसीटीवी कैमरों से दूर ले गए और वहां बेरहमी से पीटा। पीड़ित का कहना है कि वह मिन्नतें करता रहा, फिर भी मारपीट जारी रही। खून बहने पर उससे ही रूमाल से फर्श साफ करवाया गया और मोबाइल से फोटो-वीडियो जबरन डिलीट कराए गए।
समझौते का दबाव, पुलिस पर भी सवाल
घटना के बाद एम्बुलेंस बुलाकर इलाज कराया गया। पीड़ित का आरोप है कि मंदिर कार्यालय के बाहर देर तक हंगामा हुआ, लेकिन कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। बाद में मंदिर कार्यालय में बैठाकर समझौते का दबाव बनाया गया। वहीं, मंडफिया थाना पुलिस के पहुंचने पर मामला शांत कराया गया, लेकिन पीड़ित का दावा है कि उसकी लिखित शिकायत लेने से मना कर दिया गया। थानाधिकारी गोकुल डांगी ने बताया कि दोनों पक्षों में समझौता हो गया है और दोनों की ही गलती रही।
पहले भी लग चुके हैं आरोप
गौरतलब है कि 25 जून (अमावस्या) को भी इसी सिक्योरिटी कंपनी के गार्डों पर श्रद्धालुओं से लाठीचार्ज के आरोप लग चुके हैं। लगातार हो रही घटनाओं से मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था और प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *