LOADING

Type to search

सेरिया गांव में एक ही रात में दर्जनभर चोरी की वारदात

Local

सेरिया गांव में एक ही रात में दर्जनभर चोरी की वारदात

Share

-सोते रहे लोग, चोर उड़ा ले गए जेवर और नकदी, काजू भी नहीं छोड़े
-गांव में दहशत का माहौल
सलूंबर, 14 दिसम्बर :
सलूंबर जिले के सेरिया गांव में शनिवार देर रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आने से पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल बन गया। बेखौफ चोरों ने एक ही रात में 12 से अधिक घरों के ताले तोड़कर लाखों रुपये के सोना-चांदी के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। हैरानी की बात यह रही कि कई घरों में परिजन पास के कमरों में सोते रहे और चोर आराम से चोरी की वारदातों को अंजाम देते रहे।
ग्रामीणों के अनुसार मोहन नारायण मेहता पचावत के घर से करीब 6 तोला सोना और 5 हजार रुपए नकद चोरी हुए। परिवार उस समय घर पर मौजूद नहीं था। बसंत गोविंद जसावत के घर से 1 तोला सोने के टॉप्स और नकदी चोरी कर ली गई, जबकि परिजन समीप ही सो रहे थे। वहीं मणिलाल भगवान लोउवाट के घर से 25 हजार रुपए नकद और करीब साढ़े चार तोला सोना चुरा लिया गया।
तड़ रत्नावत चौक क्षेत्र में मोतीराम गौतम पदमावत के घर से साढ़े छह तोला सोना, ढाई किलो चांदी और 15 हजार रुपए नकद चोरी किए गए। अहमदाबाद में निवासरत हेमराज शंकर पदमावत एवं मणिलाल हेमराज पदमावत के बंद मकानों के ताले भी तोड़े गए, हालांकि वहां चोरों को कुछ खास हाथ नहीं लगा।
चोरों ने गांव की दुकानों को भी निशाना बनाया। जयंतीलाल मगन जैन की किराणा दुकान से नकदी और काजू चोरी किए गए। बताया गया कि चोर मंदिर के पीछे बैठकर काजू खाते रहे और फिर फरार हो गए। सुबह वारदातों की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में रोष फैल गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। ग्रामीणों ने रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *