सांवलिया सेठ मंदिर में भक्तों की आस्था का भव्य चढ़ावा
Share
28 करोड़ से अधिक नकद, सोना-चांदी और ऑनलाइन दान प्राप्त
सुभाष शर्मा
उदयपुर, 9 सितम्बर
मेवाड़ के प्रसिद्ध कृष्णधाम श्री सांवलिया सेठ मंदिर में इस बार चढ़ावे ने नया रिकॉर्ड बनाया है। नौ चरणों में पूरी हुई गिनती में मंदिर को नकद, सोना-चांदी और ऑनलाइन दान मिलाकर कुल 28 करोड़ 37 लाख 45 हजार 510 रुपए प्राप्त हुए। यह भक्तों की गहरी आस्था और मंदिर के प्रति उनके अटूट समर्पण को दर्शाता है।
नौ चरणों में हुई गिनती
दान भंडार को 22 अगस्त को खोला गया था। बीच में अवकाश और जलझूलनी एकादशी मेले के कारण प्रक्रिया रुकी, लेकिन मंगलवार को अंतिम (नौवें) चरण की गिनती के साथ यह संपन्न हुई। पहले चरण में 8 करोड़ 90 लाख रुपए की गिनती हुई। जिसके बाद दूसरे में 4 करोड़ 60 लाख रुपए, तीसरे में 3 करोड़ 86 लाख 50 हजार रुपए, चौथे में 2 करोड़ 50 लाख रुपए, पांचवें में 2 करोड़ 10 लाख रुपए, छठे में 84 लाख रुपए, सातवें में 42 लाख रुपए, आठवें में 17 लाख 50 हजार रुपए और नौवें में 22 लाख 12 हजार 206 रुपए मिले। सिर्फ नकद दान से कुल 23 करोड़ 62 लाख 12 हजार 206 रुपए प्राप्त हुए। इसके अलावा ऑनलाइन डोनेशन से 4 करोड़ 75 लाख 33 हजार 304 रुपए आए।
सोना-चांदी का भव्य चढ़ावा
कैश के साथ इस बार सोना-चांदी का भारी चढ़ावा भी हुआ। भंडार से 1270 ग्राम सोना और 70 किलो चांदी मिली। जबकि भेंटकक्ष से 565 ग्राम 590 मिलीग्राम सोना और 73 किलो 780 ग्राम चांदी मिली। कुल मिलाकर मंदिर को 1835 ग्राम 590 मिलीग्राम सोना और 143 किलो 780 ग्राम चांदी प्राप्त हुई है।
पारदर्शी व्यवस्था
गणना के सभी चरणों में मंदिर मंडल सदस्य हरिराम गाडरी, किशन लाल अहीर, पवन तिवारी, रामलाल गुर्जर और प्रशासनिक अधिकारी शिव शंकर पारीक व राजेंद्र सिंह मौजूद रहे। पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से पूरी की गई।
