राजसमंद में मजदूर ने घर में फंदा लगाकर की आत्महत्या
Share
राजसमंद, 30 जनवरी: राजसमंद जिले के कुंवारिया थाना क्षेत्र के बिनोल गांव में एक मजदूर द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। युवक रात को भोजन के बाद पत्नी और बच्चों के साथ कमरे में सोया था, लेकिन देर रात चुपचाप बाहर निकलकर उसने बरामदे में फंदा लगाकर जान दे दी।
कुंवारिया थाना इंचार्ज रामचंद्र कुमावत ने बताया कि बिनोल निवासी शंकरलाल (35) पुत्र भगवान लाल रैगर ने अपने घर के बरामदे में पंखे से रस्सी के सहारे फांसी लगाई। सुबह जब परिजनों ने उसे फंदे से लटका देखा तो घर में हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंचे एएसआई शंकर सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कुरज सीएचसी अस्पताल की मॉर्च्युरी भिजवाया, जहां पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक मजदूरी करता था और उसके परिवार में पत्नी, 8 वर्षीय बेटी और 6 वर्षीय बेटा है। पिता की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आत्महत्या के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
