LOADING

Type to search

श्री सांवलियाजी मंदिर में उमड़ी आस्था की भीड़

Local

श्री सांवलियाजी मंदिर में उमड़ी आस्था की भीड़

Share

हजारों श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, जयकारों से गूंजा धाम
उदयपुर, 21 सितम्बर:
मेवाड़ के प्रसिद्ध कृष्णधाम श्री सांवलियाजी मंदिर में अमावस्या के अवसर पर रविवार को भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही श्रद्धालुओं ने भगवान सांवरा सेठ के दर्शन किए और दिनभर मंदिर परिसर में लंबी कतारें लगी रहीं। भक्तों के जयकारों और ढोल-ढमाकों से पूरा धाम गूंजता रहा।
इस खास मौके पर भगवान का विशेष श्रृंगार किया गया। पुजारी अमित और विशाल वैष्णव ने गंगाजल से स्नान कराया, सोने की पोशाक पहनाई, केसर-चंदन का तिलक और गुलाब के फूल व नोटों की माला अर्पित की। तुलसी के गुच्छ भी अर्पित किए गए। शाम को महाप्रसादी और विशेष भोग का आयोजन हुआ, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
आसपास के गांवों से श्रद्धालु पदयात्रा कर मंदिर पहुंचे। दिनभर मध्य प्रदेश और राजस्थान के विभिन्न हिस्सों से भी भक्त बड़ी संख्या में आए। डीजे की धुन पर नाचते-गाते भक्त ध्वज लहराते हुए पहुंचे। मंदिर परिसर और कस्बे के बाजारों में पूरे दिन चहल-पहल बनी रही। बाल भोग प्रसाद काउंटरों पर भी लंबी कतारें देखी गईं।
मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए। भदेसर डीवाईएसपी अनिल शर्मा और मंडफिया थाना प्रभारी गोकुल डांगी ने यातायात और पार्किंग व्यवस्था संभाली। भीड़ को देखते हुए वाहनों का प्रवेश रोककर उन्हें दूर स्थित पार्किंग पर रोका गया।
मंदिर मंडल की व्यवस्थाओं का नेतृत्व अध्यक्ष हजारी दास वैष्णव और मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रभा गौतम ने किया। सुरक्षा प्रभारी गुलाब सिंह, भेरू गिरी गोस्वामी और सुरेश चंद्र नंगारची ने सुरक्षा सुनिश्चित की। प्रशासनिक अधिकारियों ने महाप्रसादी समेत अन्य तैयारियों का निरीक्षण किया।
शाम को देवकी सदन धर्मशाला में महाप्रसादी और नई धर्मशाला में ब्रह्मभोज का आयोजन हुआ। दूर-दराज से आए हजारों श्रद्धालुओं ने मिलकर प्रसाद ग्रहण किया और पूरे दिन मंदिर क्षेत्र में धार्मिक उल्लास बना रहा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *