होमगार्ड की बहादुरी से बड़ी लूट टली
Share
सायरन सुनते ही ATM की ओर दौड़ा जवान, लुटेरे कार छोड़ भागे
चित्तौड़गढ़, 10 दिसम्बर: चित्तौड़गढ़ में देर रात एक्सिस बैंक के ATM पर हुई लूट की कोशिश को गश्त पर तैनात होमगार्ड जवान शंभू व्यास की सूझबूझ और बहादुरी ने नाकाम कर दिया। सायरन की तेज आवाज सुनकर पहले इसे एम्बुलेंस समझा, लेकिन लगातार एक ही स्थान से आवाज आने पर शंभू को संदेह हुआ और वे तुरंत ATM की ओर बढ़ गए। जैसे ही वे उदयपुर रोड स्थित ATM पहुंचे, अंदर गैस कटर से मशीन काटते तीन लुटेरे और बाहर कार में उनका चौथा साथी दिखाई दिया।
स्थिति समझते ही शंभू व्यास ने बिना देर किए व्हिसल बजाई और जोर से ललकारते हुए ATM की ओर दौड़ पड़े। वर्दीधारी को नजदीक आता देख बदमाश घबराए और कार में बैठकर तेजी से फरार हो गए। शंभू बदमाशों से मात्र 10 फीट दूर रह गए। उनकी बहादुरी ने लाखों की संभावित लूट को रोक दिया। इस घटना का वीडियो सामने वाले मकान में रहने वाले युवक ने रिकॉर्ड किया।
सूचना मिलते ही पुलिस उप अधीक्षक बृजेश सिंह, प्रशिक्षु डिप्टी मनीष और सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। गैस कटर की वजह से ATM मशीन में आग लग गई थी, जिसके बाद दमकल विभाग को बुलाकर आग पर काबू पाया गया। बैंक को पूरी घटना की जानकारी दे दी गई है। होमगार्ड शंभू व्यास की साहसिक कार्रवाई की सराहना करते हुए पुलिस अधिकारियों ने उन्हें मौके पर ही 500 रुपए का नकद पुरस्कार दिया। पुलिस ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जिलेभर में नाकाबंदी कर दी है। बदमाशों की तलाश जारी है।
