जमीन विवाद में अधेड़ का किडनैप, रस्सी से बांधकर एक घंटे तक पीटा
Share
चचेरी बहन समेत 9 पर केस
वीडियो वायरल होने के बाद दर्ज हुआ मुकदमा, जमीन पर दावा छोड़ने के बदले 10 लाख की मांग
बांसवाड़ा, 23 नवम्बर (विजन 360 न्यूज डेस्क): जिले के कलिंजरा थाना क्षेत्र में जमीन विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। कांकरी बोड़ीगामा गांव में आरोपियों ने एक अधेड़ को अगवा कर रस्सी से बांधकर बेरहमी से पीटा। घटना 11 नवंबर को हुई, लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद 21 नवंबर को मामला दर्ज हुआ।
पीड़ित थानेश्वर पुत्र नाथू भील ने रिपोर्ट में बताया कि वह घर पर था, तभी आरोपी पत्थर, लाठी और धारदार हथियार लेकर आए और गाली-गलौज करने लगे। आरोपी ट्रैक्टर लेकर उसके खेत में घुस गए। रोकने पर उन्होंने उसे पीटना शुरू कर दिया और जबरन चचेरी बहन के घर ले गए। वहां आरोपियों ने थानेश्वर के हाथ रस्सी से बांधकर करीब एक घंटे तक प्रताड़ित किया। इस दौरान उसका मोबाइल और 2 हजार रुपए भी छीन लिए।
इसी बीच किसी ग्रामीण ने पुलिस को सूचना दी, जिस पर कलिंजरा थाने से जाब्ता मौके पर पहुंचा और पीड़ित को छुड़ाया। पुलिस ने थानेश्वर की चचेरी बहन शर्मिला, महिपाल सहित 9 लोगों के खिलाफ किडनैपिंग, मारपीट और लूट का मामला दर्ज किया है।
थानेश्वर ने बताया कि उसकी पैतृक 5 बीघा जमीन को लेकर विवाद चल रहा है, जिसका मामला एसडीएम कोर्ट में विचाराधीन है। इसके बावजूद आरोपी घर पहुंचकर धमकाने लगे और जमीन पर दावा छोड़ने के बदले 10 लाख रुपए की मांग की। जिस जमीन की बात हो रही है, उस पर थानेश्वर का घर भी बना हुआ है।
अनुसंधान अधिकारी ASI रविंद्र चौबीसा ने बताया कि परिवादी मूल रूप से भतार का निवासी है। उसके भाई ने मृत्यु से पहले जमीन आरोपी शर्मिला को बेच दी थी। उसी जमीन पर थानेश्वर ने अपना दावा करते हुए घर बना लिया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
