LOADING

Type to search

देवगढ़-मदारिया से मारवाड़ जंक्शन तक निकलेगी नई रेल लाइन

Local

देवगढ़-मदारिया से मारवाड़ जंक्शन तक निकलेगी नई रेल लाइन

Share

प्रस्तावित नई रेललाइन का होगा सर्वे
आएगी 10 करोड़ लागत, उत्तर-पश्चिम रेलवे ने शुरू की प्रक्रिया
उदयपुर, 18 नवम्बर:
मेवाड़ और मारवाड़ को जोड़ने वाले रेलमार्ग से हटकर उत्तर पश्चिम रेलवे अब रास्ते में देवगढ़-मदारिया से मारवाड़ जंक्शन तक नई रेललाइन निकालने जा रहा है। प्रस्तावित रेललाइन के लिए रेलवे प्रशासन अब सर्वे कराने जा रहा है।
रेलवे सूत्रों के अनुसार देवगढ़-मदारिया से मारवाड़ जंक्शन तक प्रस्तावित रेललाइन के लिए अंतिम स्थान सर्वेक्षण (एफएलएएस) शुरू किया जाएगा। प्रस्तावित रेललाइन टोडगढ़-राओली वन्यजीव अभ्यारण्य से गुजरेगी, जो 71.812 किलोमीटर लंबी होगी। इस सर्वे पर 10 करोड़, एक लाख 13 हजार रुपए की संभावित लागत का अनुमान है। सर्वे कि प्रक्रिया में आधुनिक सर्वेक्षण प्रौद्योगिकियों का उपयोग होगा। सर्वे कार्य अगले माह शुरू होने की उम्मीद है।
राजसमंद, उदयपुर, पाली और करीबी क्षेत्रों को जोड़ेगी नई लाइन
प्रस्तावित रेल लाइन राजसमंद, उदयपुर पाली और आसपास के क्षेत्रों को रेलवे नेटवर्क से जोड़ेगी। साथ ही क्षेत्र का अहमदाबाद और जयपुर के मध्य भी सम्पर्क स्थापित होगा। देवगढ़ मदारिया और टोडगढ़ जैसे पर्यटन क्षेत्र अब तक सीमित परिवहन साधनों पर निर्भर रहे हैं। इस रेल लाइन के बाद टोडगढ़ और देवगढ़ जैसे ऐतिहासिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों तक रेल मार्ग के माध्यम से पहुंच और सुगम होगी। साथ ही व्यापार, कृषि और स्थानीय उद्योगों के लिए नए परिवहन का विकल्प उपलब्ध होगा।
969 करोड़ लागत से प्रगति पर है गेज परिवर्तन
नाथद्वारा-देवगढ़ मदारिया, 82 किलोमीटर रेल लाइन का 969 करोड़ रुपए की लागत के साथ गेज परिवर्तन कार्य प्रगति पर है। इन कार्यों के होने से क्षेत्र का जयपुर, दिल्ली, उदयपुर, अहमदाबाद, मुंबई सहित देश के प्रमुख शहरों से सीधा संपर्क स्थापित हो जाएगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *