LOADING

Type to search

सर्विस रिवॉल्वर से चली गोली, राजस्थान के एएसआई की मौत

Local

सर्विस रिवॉल्वर से चली गोली, राजस्थान के एएसआई की मौत

Share

भीलवाड़ा में घर पर रिवॉल्वर अनलोड करते समय हादसा
उदयपुर, 6 मार्च:
राजस्थान में भीलवाड़ा शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक हादसे में पुलिस के एएसआई की सर्विस रिवॉल्वर से चली गोली उनके सिर में लग गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार एएसआई महावीर सिंह (44) कोतवाली थाने में तैनात थे। बताया जा रहा है कि वे ड्यूटी से घर लौटने के बाद अपनी सर्विस रिवॉल्वर को अनलोड कर रहे थे। इसी दौरान अचानक फायर हो गया और गोली उनके सिर में जा लगी। गोली लगते ही वे वहीं गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर एसपी धर्मेंद्र सिंह व कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी करवाई तथा शव को भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। मृतक के चचेरे भाई तेजप्रताप सिंह ने बताया कि महावीर सिंह गुरुवार रात ड्यूटी पर थे और सुबह करीब 8 बजे घर पहुंचे थे। वे घर पर अपनी सर्विस रिवॉल्वर से गोलियां निकाल रहे थे। तीन गोलियां निकाल चुके थे, लेकिन चौथी गोली निकालते समय अचानक फायर हो गया और गोली उनके सिर में लग गई। महावीर सिंह वर्ष 2003 में राजस्थान पुलिस में भर्ती हुए थे और हाल ही में उनका हेड कांस्टेबल से एएसआई पद पर प्रमोशन हुआ था।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *