LOADING

Type to search

कोहरे में हाईवे पर डिवाइडर से टकराई तेज रफ्तार कार, दो युवकों की मौत

Local

कोहरे में हाईवे पर डिवाइडर से टकराई तेज रफ्तार कार, दो युवकों की मौत

Share

एक युवक का हाथ कटा, इंजन उछलकर सड़क पर गिरा
उदयपुर-चित्तौड़गढ़ नेशनल हाईवे पर दर्दनाक हादसा
चित्तौड़गढ़, 16 दिसम्बर
: घने कोहरे और तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर नेशनल हाईवे पर देखने को मिला। उदयपुर-चित्तौड़गढ़ नेशनल हाईवे पर मंगलवार सुबह एक तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकरा गई। भीषण हादसे में कार सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और इंजन निकलकर सड़क पर जा गिरा।
हादसा मंगलवार सुबह करीब 7 बजे चित्तौड़गढ़ जिले के भादसोड़ा थाना क्षेत्र में नरधारी गांव के पास सिक्स लेन पुलिया पर हुआ। भादसोड़ा थाने के एएसआई जीवन सिंह ने बताया कि उदयपुर निवासी प्रवीण जाट (20), ध्रुव सुथार (20) और सौम्य सालवी (18) कार से उदयपुर से चित्तौड़गढ़ की ओर जा रहे थे। कार ध्रुव सुथार चला रहा था।
सुबह घना कोहरा होने के कारण दृश्यता काफी कम थी। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ध्रुव सुथार और सौम्य सालवी की मौके पर ही मौत हो गई। सौम्य का हाथ कटकर अलग हो गया, जबकि प्रवीण जाट गंभीर रूप से घायल हो गया।
धमाके जैसी आवाज, मचा हड़कंप
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय जोरदार धमाके जैसी आवाज हुई, जिससे हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े और राहत कार्य शुरू किया, लेकिन दोनों युवकों को बचाया नहीं जा सका।
परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
सौम्य सालवी पुरोहितों की मादड़ी (उदयपुर) का रहने वाला था और परिवार का इकलौता बेटा था। वह केबल कनेक्शन का काम करता था और ओपन बोर्ड से 12वीं की पढ़ाई कर रहा था। दो साल पहले उसके पिता का निधन हो चुका है। परिवार में मां और छोटी बहन हैं। वहीं, ध्रुव सुथार ढीकली रोड शांतिवन (उदयपुर) का निवासी था और मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय में सेकेंड ईयर का छात्र था। उसके माता-पिता प्राइवेट स्कूल में शिक्षक हैं।
घायल उदयपुर रेफर
घायल प्रवीण जाट को नेशनल हाईवे एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसे उदयपुर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाकर यातायात सुचारू कराया। परिजनों के पहुंचने के बाद शवों का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।

Tags:

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *