नए साल पर सांवलिया धाम में आस्था का सैलाब
Share
अलसुबह 4 बजे से लगी लंबी कतारें, दर्शन के लिए घंटों इंतजार
मंडफिया, 1 जनवरी: नए साल के पहले दिन भगवान श्री सांवलिया सेठ के दर्शन के लिए मंडफिया स्थित सांवलिया धाम में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। बुधवार अलसुबह करीब 4 बजे से ही मंदिर के बाहर लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं, जो दिन चढ़ने के साथ और लंबी होती चली गईं। कई श्रद्धालु तो नववर्ष की पूर्व संध्या पर ही मंदिर पहुंच गए थे, ताकि वर्ष की शुरुआत ठाकुर जी के दर्शन से कर सकें।
सुबह से शाम तक उमड़ी भारी भीड़
पूरे दिन मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा। दर्शन के लिए मंदिर के अंदर पहुंचने में एक से डेढ़ घंटे, जबकि बाहर से लाइन तक पहुंचने में करीब दो घंटे का समय लग रहा था। बावजूद इसके श्रद्धालु पूरे धैर्य और भक्ति भाव के साथ अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। भक्तों का कहना था कि नए साल के दिन सांवरा सेठ के दर्शन का सौभाग्य मिल जाए, यही सबसे बड़ी खुशी है।
देशभर से पहुंचे श्रद्धालु
नववर्ष के अवसर पर राजस्थान के अलावा मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात सहित कई राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु सांवलिया धाम पहुंचे। मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में “जय सांवलिया सेठ” के जयकारे गूंजते रहे। हर ओर भक्ति और आस्था का माहौल नजर आया।
मोबाइल नेटवर्क ठप, फिर भी उत्साह बरकरार
भीड़ अधिक होने से मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क पूरी तरह जाम हो गया। कॉल न लग पाने से श्रद्धालुओं को परिजनों से संपर्क में परेशानी हुई, लेकिन इससे भक्तों के उत्साह में कोई कमी नहीं आई। लोग एक-दूसरे का सहयोग करते दिखे।
भव्य सजावट और पुख्ता सुरक्षा
नववर्ष पर मंदिर को फूलों और आकर्षक लाइटिंग से सजाया गया, जिससे श्रद्धालुओं को अलौकिक अनुभव मिला। भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर मंडल और जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। मंदिर मंडल की सीईओ एवं एडीएम प्रशासन प्रभा गौतम सुबह से ही व्यवस्थाओं की निगरानी करती रहीं। पुलिस जाब्ते की तैनाती और बेहतर प्रबंधन के चलते दर्शन व्यवस्था सुचारु बनी रही।
