फतहसागर पर पर्यटक पर लोहे की चेन से हमला, जख्मी
Share
परिवार संग घूम रहे युवक पर अज्ञात बदमाश ने किया हमला, मुंह पर पंच से दांत टूटा
उदयपुर, 14 दिसम्बर: लेकसिटी फतहसागर झील के किनारे घूम रहे पर्यटक पर अज्ञात बदमाश ने हाथ में लोहे की चेन लपेटकर हमला कर दिया। इस हमले में युवक लहुलूहान हो गया और उसका एक दांत टूट गया।
डीग जिले के कैथवाड़ा थानांतर्गत मातकी निवासी प्रदीप यादव (25) ने अंबामाता थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि वह परिवार के साथ उदयपुर घूमने आए थे। शनिवार शाम झील किनारे घूमते समय अज्ञात व्यक्ति ने स्कूटी की डिग्गी से लोहे की चेन निकाली और उनके मित्र कृष्ण गुर्जर पर हमला किया। इस दौरान उनके माता-पिता भी वहां पहुंचे, लेकिन हमलावर ने तीनों पर मिलकर चेन लपेटे हुए हाथ से पंच मारा।
पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जख्मी युवक को प्राथमिक उपचार मुहैया कराया। घटना के बाद सुरक्षा एवं आसपास के लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हमलावर की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई करने की कोशिश कर रही है।
