कोहरे में खड़े ट्रेलर से भिड़ा पशुओं से भरा ट्रक, 48 भेड़-बकरों की मौत
Share
रानीखेड़ा सर्कल के पास देर रात हादसा, ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर फरार
निम्बाहेड़ा, 14 दिसम्बर : निंबाहेड़ा सदर थाना क्षेत्र में चित्तौड़गढ़-नीमच मार्ग पर शुक्रवार देर रात करीब 2 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। रानीखेड़ा सर्कल के पास जोधपुर के रोहट से हैदराबाद जा रहा भेड़-बकरों से भरा एक ट्रक सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से जा टकराया। हादसे में 48 भेड़ और बकरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए।
ट्रक में 200 से अधिक भेड़-बकरे भरे हुए थे। गनीमत रही कि ट्रक चालक और खलासी को कोई चोट नहीं आई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर चालक वाहन सड़क पर खड़ा कर चाय पीने चला गया था। घने कोहरे के कारण पीछे से आ रहे ट्रक को ट्रेलर दिखाई नहीं दिया और टक्कर हो गई।
हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर फरार हो गया। सूचना पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बची भेड़-बकरों को दूसरे वाहन से हैदराबाद रवाना किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
