अंधे स्पीड ब्रेकर पर उछलकर गिरी महिला, मौत; हादसे का वीडियो वायरल
Share
बेटे के साथ पीहर जा रही थी, 10 फीट तक फिसलने से सिर में आई गंभीर चोट
राजसमंद, 27 जनवरी: राजसमंद जिले में अंधे स्पीड ब्रेकर की लापरवाही ने एक महिला की जान ले ली। बेटे के साथ बाइक पर पीहर जा रही महिला स्पीड ब्रेकर पर उछलकर सड़क पर गिर पड़ी और करीब 10 फीट तक फिसलती चली गई। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। हादसे का वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश और चिंता का माहौल है।
यह हादसा 25 जनवरी को कुंवारिया तहसील के बड़लिया गांव में दोपहर करीब एक बजे हुआ। जानकारी के अनुसार गोगाथला (राजसमंद) निवासी रतन कुमावत (35) अपनी मां हमेरी बाई (50), पत्नी और 6 वर्षीय बेटे के साथ इंदौर से गांव आया था। भैंरूनाथ मंदिर में जागरण कार्यक्रम में शामिल होने के बाद 26 जनवरी को मां हमेरी बाई बेटे और पोते के साथ बाइक से अपने पीहर भांसोल जा रही थीं। घर से करीब 7 किलोमीटर दूर बड़लिया गांव में सड़क पर बने अंधे स्पीड ब्रेकर पर बाइक उछल गई, जिससे महिला का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़ी।
हादसे के बाद महिला को तुरंत एंजल हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में अन्नंता हॉस्पिटल रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
कुमावत समाज के पूर्व अध्यक्ष बाबूलाल कुमावत ने बताया कि उक्त स्पीड ब्रेकर पर न तो कोई चेतावनी बोर्ड लगा है और न ही सफेद पट्टी या संकेतक। इसी कारण यहां पहले भी 36 से अधिक लोग घायल हो चुके हैं। पीडब्ल्यूडी के एईएन हिम्मत सालवी ने स्पीड ब्रेकर को त्रुटिपूर्ण मानते हुए जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
