तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से युवक की मौत, पत्नी व बेटा गंभीर घायल
Share
ससुराल जा रहे थे तीनों, हादसे के बाद चालक फरार
गोगुन्दा, 15 अक्टूबर (विजन 360 न्यूज डेस्क): उदयपुर जिले के गोगुंदा थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और 12 वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा ओगणा रोड स्थित राणा गांव के पास हुआ, जब सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों सड़क पर जा गिरे।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान बिलाड़िया निवासी मोतीलाल मेघवाल (38) पुत्र हरजी मेघवाल के रूप में हुई है, जो माउंट आबू के एक होटल में काम करता था। उसकी पत्नी लीला बाई (34) और बेटा पंकज (12) गंभीर रूप से घायल हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को संभाला और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही हेड कांस्टेबल योगेश्वर सिंह मौके पर पहुंचे और घायलों को निजी वाहन से गोगुंदा अस्पताल पहुंचाया, क्योंकि एंबुलेंस उस समय किसी अन्य कॉल पर व्यस्त थी। बाद में दोनों को गंभीर स्थिति में एमबी अस्पताल उदयपुर रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार दंपती अपने गांव बिलाड़िया से गोगुंदा होते हुए ससुराल सुवावतों का गुड़ा जा रहे थे। तभी सामने से आ रहे ट्रक ने लापरवाही से बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर चालक की तलाश शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर स्पीड ब्रेकर और चेतावनी संकेत लगाए जाएं, क्योंकि आए दिन यहां हादसे होते हैं। वहीं मृतक के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सुपुर्द किया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
