ब्लैकमेल से परेशान युवक ने होटल में पीया जहर, वीडियो बनाकर लगाए गंभीर आरोप
Share
लोकेशन ट्रेस कर पुलिस ने बचाई जान, हालत नाजुक; उदयपुर रेफर
प्रतापगढ़, 28 जनवरी: प्रतापगढ़ शहर के एक होटल में ब्लैकमेल से परेशान एक युवक ने जहर पीकर आत्महत्या का प्रयास किया। इससे पहले युवक ने वीडियो बनाकर एक व्यक्ति पर लगातार ब्लैकमेल कर दो लाख रुपए लेने का आरोप लगाया। वीडियो सामने आते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए युवक की लोकेशन ट्रेस की और समय रहते उसे अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाई।
थाना क्षेत्र के बस स्टैंड के सामने स्थित होटल की दूसरी मंजिल के कमरे में युवक अचेत अवस्था में मिला। पुलिस टीम ने गेट तोड़कर कमरे में प्रवेश किया और युवक को जिला अस्पताल प्रतापगढ़ में भर्ती कराया। परिजनों के पहुंचने के बाद हालत गंभीर होने पर उसे उदयपुर रेफर कर दिया गया।
थानाधिकारी शंभू सिंह झाला ने बताया कि युवक की पहचान हितेश (24) पुत्र मांगीलाल, निवासी कनोरा थाना रठांजना के रूप में हुई है। हितेश तीन दिन पहले बिना बताए घर से निकला था। वीडियो में हितेश ने कहा कि वह ब्लैकमेल से परेशान होकर यह कदम उठा रहा है और अब तक आरोपी को दो लाख रुपए दे चुका है। पुलिस ने युवक का मोबाइल जब्त कर लिया है और वीडियो व अन्य साक्ष्यों के आधार पर यह जांच की जा रही है कि उसे कौन ब्लैकमेल कर रहा था। हितेश की हालत फिलहाल नाजुक बनी हुई है।
