LOADING

Type to search

दिवाली पर घर आए युवक ने फंदा लगाकर की आत्महत्या

Local

दिवाली पर घर आए युवक ने फंदा लगाकर की आत्महत्या

Share

कुवैत से लौटे पिता ने दर्ज कराई रिपोर्ट, पुलिस जांच में जुटी
डूंगरपुर, 23 अक्टूबर (विजन 360 न्यूज डेस्क):
वरदा थाना क्षेत्र के वरदा गांव में एक युवक ने अपने घर में साड़ी के फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 21 वर्षीय ध्रुव दर्जी के रूप में हुई है, जो गुजरात में रहकर पढ़ाई कर रहा था और दिवाली पर 19 अक्टूबर को घर आया था। मंगलवार शाम उसने कमरे में फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया।
कॉन्स्टेबल यशपाल सिंह ने बताया कि ध्रुव के पिता नितिन दर्जी कुवैत में काम करते हैं। परिजनों ने घटना की सूचना उन्हें दी, जिसके बाद वे गुरुवार सुबह घर पहुंचे। पुलिस ने शव को सागवाड़ा अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाकर पोस्टमॉर्टम करवाया और पिता की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। त्योहार के बीच इकलौते बेटे की मौत से परिवार में गम का माहौल है।
नाले से मिला लापता बुजुर्ग का शव
डूंगरपुर जिले में सदर थाना क्षेत्र के पाल देवल गांव में एक दिन पहले लापता हुए बुजुर्ग का शव गुरुवार को नाले में मिला। एएसआई राज कुमार ने बताया कि कल्पेश घोघरा ने रिपोर्ट दी थी कि उसके पिता रमेश घोघरा बुधवार शाम नहाने के लिए घर के पास नाले पर गए थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। परिजनों की तलाश के बावजूद उनका कोई पता नहीं चला। गुरुवार को ग्रामीणों ने नाले में शव देखा तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
तेज रफ्तार कार की टक्कर से युवक की मौत
जिले में बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे 48 पर शिशोद गांव के पास बुधवार शाम एक तेज रफ्तार कार ने पैदल जा रहे युवक को टक्कर मार दी। हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान मणिलाल (40) पुत्र ककुआ हड़ात निवासी शिशोद फला उमेदरा के रूप में हुई है। हेड कॉन्स्टेबल सुनील कुमार ने बताया कि मणिलाल दिवाली पर अपने छोटे भाई से मिलने गया था और शाम को पैदल घर लौट रहा था। इसी दौरान पीछे से आई कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल मणिलाल को एम्बुलेंस से डूंगरपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को मॉर्च्युरी में रखवाकर पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *