LOADING

Type to search

एबीवीपी ने सफाई कर जताया कुलगुरु के प्रति आक्रोश

Local

एबीवीपी ने सफाई कर जताया कुलगुरु के प्रति आक्रोश

Share

‘कुलपति बर्खास्त करो’ नारों से गूंजा प्रशासनिक भवन, छात्रों ने बांधी काली पट्टी

उदयपुर, 22 सितम्बर: मोहनलाल सुखाड़िया यूनिवर्सिटी की कुलगुरु प्रो. सुनीता मिश्रा के औरंगजेब को कुशल प्रशासक बताए जाने के बाद बर्खास्तगी की मांग को लेकर आंदोलन जारी है। सोमवार को एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने प्रशासनिक भवन के बाहर सफाई अभियान चलाकर विरोध प्रदर्शन का तरीका अपनाया।
सुबह से ही बड़ी संख्या में छात्र प्रशासनिक भवन के बाहर एकत्रित हुए। उन्होंने सीढ़ियों पर रखे गमलों को व्यवस्थित किया, जमी हुई मिट्टी व कचरे को झाड़ू से साफ किया और आसपास रखे पत्थरों को हटाया। इसके बाद सभी कार्यकर्ता आंखों पर काली पट्टी बांधकर सीढ़ियों पर बैठ गए और कुलगुरु के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
एबीवीपी महानगर मंत्री पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ ने कहा कि कुलगुरु का औरंगजेब को कुशल शासक बताने वाला बयान न केवल गलत है, बल्कि मेवाड़ की शौर्य परंपरा का अपमान भी है। उन्होंने कहा कि कुलगुरु को इतिहास का ज्ञान नहीं है, इसलिए इस पद पर बने रहना अनुचित है। जब तक कुलगुरु को बर्खास्त नहीं किया जाता, आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदर्शन के दौरान कुलदीप सिंह, त्रिभुवन सिंह, पार्थ दीक्षित, चिराग दायमा, अंशुमान सिंह और चिराग तिवारी सहित कई छात्र मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि यह विरोध केवल बयानबाजी का नहीं बल्कि सांस्कृतिक और ऐतिहासिक अस्मिता से जुड़ा हुआ है।
इधर, कुलगुरु के खिलाफ शिकायतों की जांच के लिए राजभवन के निर्देश पर छह दिन पहले एक चार सदस्यीय समिति गठित की गई थी। संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी की अध्यक्षता वाली यह समिति मामले की विस्तृत जांच कर रही है। सूत्रों के अनुसार, टीम जल्द ही अपनी रिपोर्ट राज्यपाल को सौंपेगी। रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई तय होगी। छात्रों का कहना है कि यदि जांच में देरी होती है तो आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *