आय से 308 फीसदी अधिक संपत्ति मिली थी, डेढ़ साल बाद एसीबी ने दर्ज किया मामला
Share
डूंगरपुर जिले के बिलड़ी के तत्कालीन गिरदावर दिनेश पंचाल के खिलाफ नया मामला दर्ज, 25 हजार रुपए की रिश्वत लेते पकड़ा गया था
डूंगरपुर, 25 नवम्बर (विजन 360 न्यूज डेस्क): डूंगरपुर एसीबी चौकी ने बिलड़ी के तत्कालीन गिरदावर दिनेश पंचाल के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का नया मामला दर्ज किया है। विभागीय जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपनी वैध आय की तुलना में 308 प्रतिशत अधिक संपत्ति अर्जित कर रखी थी। यह वही गिरदावर है जिसे एसीबी ने 16 मई 2024 को नामांतरण खोलने के बदले 25 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा था। कार्रवाई एसीबी चौकी प्रभारी रतनसिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में हुई थी।
गिरफ्तारी के बाद एसीबी टीम ने पंचाल के आवास पर तलाशी ली। तलाशी में 42 लाख रुपए नकद, 10 लाख रुपए के आभूषण, दो आवासीय भूखंड, दो औद्योगिक भूखंड और एक फार्महाउस के दस्तावेज बरामद हुए थे। इसके अलावा उनके बैंक लॉकर की जांच में 75 लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण भी मिले थे।
विभागीय जांच रिपोर्ट के अनुसार, दिनेश पंचाल की कुल वैध आय 1 करोड़ 26 लाख 9 हजार 827 रुपए थी, जबकि उनकी कुल संपत्ति 3 करोड़ 85 लाख 71 हजार 601 रुपए पाई गई। उपलब्ध दस्तावेजों और संपत्ति के मूल्यांकन के आधार पर उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का नया केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
