LOADING

Type to search

नेशनल हाईवे 58 पर हादसा : ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, महिला की मौत

Rajasthan

नेशनल हाईवे 58 पर हादसा : ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, महिला की मौत

Share

पति-पुत्री गंभीर रूप से घायल
रोहिड़ा ग्राम पंचायत मंडावर में दीपावली से पहले छाया मातम
लसानी, 17 अक्टूबर (विजन 360 न्यूज डेस्क) :
देवगढ़ थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे 58 पर शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें बेकाबू ट्रक ने मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पति और 6 वर्षीय पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हृदय विदारक घटना रोहिड़ा ग्राम पंचायत मंडावर निवासी गंगा सिंह के परिवार के साथ घटी।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 9:20 बजे गंगा सिंह पुत्र लक्ष्मण सिंह अपनी पत्नी उषा कंवर (33) और पुत्री दिव्या के साथ मोटरसाइकिल पर रोहिड़ा मंडावर से भीम जा रहा था। मोटरसाइकिल गंगा सिंह स्वयं चला रहा था और हेलमेट भी पहना हुआ था। जब वे राष्ट्रीय राजमार्ग 58 पर नाबरिया के पास पहुंचे, तभी कामलीघाट की दिशा से आ रहे एक ट्रक ने गलत दिशा में आते हुए बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि उषा कंवर उछलकर ट्रक के आगे जा गिरी और ट्रक के अगले पहिए के नीचे आ गईं। पहिया उनके पेट के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंगा सिंह और पुत्री दिव्या सड़क किनारे जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के तुरंत बाद आस-पास के लोगों ने घटनास्थल पर पहुंचकर घायलों को सड़क किनारे से उठाया और 108 एंबुलेंस की सहायता से देवगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टरों ने उषा कंवर को मृत घोषित किया, जबकि गंगा सिंह और उनकी पुत्री दिव्या को उपचार के लिए भर्ती किया गया है। दोनों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
इस घटना से दीपावली से ठीक पहले मंडावर गांव में शोक की लहर दौड़ गई। 6 वर्षीय बेटी के सामने मां की मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि परिवार बेहद सरल और मिलनसार स्वभाव का था, जिससे पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
घटना की जानकारी मिलते ही बगड़ चौकी इंचार्ज किशोर सिंह और हैड कांस्टेबल कमल मीणा पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और मोटरसाइकिल को चौकी परिसर में खड़ा करवाया। देवगढ़ थाने के हैड कांस्टेबल बाबू सिंह ने परिजनों की रिपोर्ट पर ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।
शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। इस दौरान समाजसेवी मदन सिंह, देवी सिंह, मिठू सिंह, लक्ष्मण सिंह, भगवान सिंह, भंवर सिंह और तिल सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
दीपोत्सव की तैयारियों के बीच हुई इस दर्दनाक दुर्घटना ने मंडावर पंचायत में गहरा सन्नाटा फैला दिया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि राजमार्ग पर गति सीमा का सख्ती से पालन कराया जाए और लापरवाह चालकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए।

Tags:

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *