LOADING

Type to search

शहर की सुरक्षा के लिए पर्याप्त संसाधन, लेकिन स्थायी कर्मचारी कम

Local

शहर की सुरक्षा के लिए पर्याप्त संसाधन, लेकिन स्थायी कर्मचारी कम

Share

नगर निगम उदयपुर का फायर सिस्टम चाकचौबंध, 17 दमकल वाहन और 150 फायरमैन मुस्तैद
उदयपुर, 6 अक्टूबर (राजेश वर्मा):
नगर निगम उदयपुर का अग्निशमन विभाग शहर में किसी भी अग्निकांड से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। शहर के विस्तार को देखते हुए पर्याप्त संसाधन मौजूद हैं, लेकिन स्थायी कर्मचारियों की कमी के चलते विभाग अस्थायी और संविदा कार्मिकों पर निर्भर है।
नगर निगम के पास कुल 17 दमकल वाहन हैं, जिनमें छोटे 407 टाइप वाहन भी शामिल हैं, जो ओल्ड सिटी की संकरी गलियों में आग बुझाने में सक्षम हैं। स्थायी और अस्थायी मिलाकर करीब 150 फायरमैन हर समय तैनात हैं। लंबे पाइप और आधुनिक उपकरणों की मदद से फायरमैन किसी भी आग पर त्वरित काबू पा सकते हैं।
60 मीटर ऊंचाई तक आग पर नियंत्रण की क्षमता
बढ़ती बहुमंजिला इमारतों को देखते हुए विभाग के पास ब्रांटो स्काई वाहन भी है, जिसकी मदद से 60 मीटर ऊंचाई तक लगी आग पर काबू पाया जा सकता है। नगर निगम को इस वाहन को प्राप्त करने के लिए आठ साल मेहनत करनी पड़ी।
शहर में छह फायर स्टेशन
अशोक नगर मुख्य फायर स्टेशन के अलावा मादड़ी, चेटक सर्कल, मीरा कला मंदिर, सुंदरवास और कलड़वास में फायर स्टेशन हैं। प्रत्येक स्टेशन पर दो-दो दमकल वाहन 24 घंटे मुस्तैद रहते हैं। मादड़ी स्टेशन में वाहन अधिक संख्या में हैं क्योंकि यह औद्योगिक क्षेत्र है और यहां फैक्ट्रियों की संख्या अधिक है।
नई भर्ती नहीं, संविदा कर्मचारियों के भरोसे
अग्निशमन विभाग में वर्तमान में केवल 27-28 स्थायी कर्मचारी हैं, जबकि शेष संविदा कार्मिक हैं। संविदा कर्मचारियों को होमगार्ड के रूप में प्रशिक्षित किया जाता है, लेकिन वे स्थायी नहीं रहते। इस तरह विभाग पूर्ण सक्षम होते हुए भी संविदा कर्मचारियों के सहारे किसी बड़ी घटना से निपटने के लिए तैयार है।
दीपावली के लिए पूरी तैयारी
चीफ फायर ऑफिसर बाबूलाल चौधरी ने बताया कि आगामी दीपावली पर्व को देखते हुए फायर कर्मचारियों की छुट्टियां निरस्त कर दी गई हैं और सभी स्टेशन किसी भी बड़े हादसे से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।

Tags:

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *