LOADING

Type to search

स्वदेशी अपनाओ सिर्फ नारा नहीं, भारत की आत्मा है : डॉ. अरुण चतुर्वेदी

Local

स्वदेशी अपनाओ सिर्फ नारा नहीं, भारत की आत्मा है : डॉ. अरुण चतुर्वेदी

Share

स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने से जनजाति क्षेत्र का ग्रामीण अर्थतंत्र होगा सशक्त, आत्मनिर्भर भारत सम्मेलन में बोले राजस्थान राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष
सलूम्बर, 26 अक्टूबर (विजन 360 न्यूज डेस्क):
स्वदेशी बनाओ, स्वदेशी अपनाओ केवल नारा नहीं, बल्कि भारत की आत्मा है। यह बात राजस्थान राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉ. अरुण चतुर्वेदी ने रविवार को सलूम्बर में आयोजित “आत्मनिर्भर भारत सम्मेलन एवं अभियान”के शुभारंभ अवसर पर कही। भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत आयोजित इस संयुक्त सम्मेलन में सलूंबर और धरियावद विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
राजकीय हाड़ी रानी महाविद्यालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. चतुर्वेदी के साथ भाजपा देहात जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली, विधायक शांता देवी मीणा, सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक प्रमोद सामर, धरियावद विधानसभा प्रत्याशी कन्हैयालाल मीणा, जिला संयोजक नरेंद्र सिंह असोलिया और विधानसभा संयोजक संजय चाष्टा मंचासीन रहे।
डॉ. चतुर्वेदी ने कहा कि कोरोना काल के दौरान जब विश्व का अर्थतंत्र चरमरा गया था, तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के आह्वान ने देश में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार किया। उन्होंने कहा कि आज भारत चिकित्सा, रक्षा, कृषि, और उद्योग जैसे कई क्षेत्रों में आत्मनिर्भर होकर विश्व में निर्यातक देशों की अग्रिम पंक्ति में खड़ा है।
उन्होंने बताया कि दीपावली पर महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार स्वदेशी उत्पादों की 65 हजार करोड़ रुपए की बिक्री हुई, जिसमें 87 प्रतिशत उपयोग स्वदेशी उत्पादों का रहा। यह भारत की ग्रामीण अर्थव्यवस्था और महिलाओं के सशक्तीकरण का सशक्त उदाहरण है। चतुर्वेदी ने कहा कि सलूम्बर क्षेत्र में “वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट”योजना के तहत पलाश वृक्ष से बनने वाले उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलेगी।
जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का मार्ग गांवों से होकर गुजरता है। आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत एमएसएमई, मुद्रा, विश्वकर्मा और स्किल डेवलपमेंट जैसी योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण उद्योगों को गति मिल रही है।
कार्यक्रम में सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक प्रमोद सामर, विधायक शांता देवी मीणा, कन्हैयालाल मीणा, नरेंद्र सिंह असोलिया और नरेंद्र मीणा ने भी विचार रखे। इस अवसर पर डॉ. चतुर्वेदी ने “आत्मनिर्भर भारत हस्ताक्षर अभियान” का शुभारंभ किया और महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित वन उपज उत्पादों के स्टॉल का निरीक्षण कर समूह की महिलाओं को सम्मानित किया।
कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष चंद्रशेखर जोशी ने किया। इस दौरान भाजपा के जिला उपाध्यक्ष कैलाश गांधी, प्रधान दुर्गाप्रसाद मीणा, उपप्रधान देवेंद्र सिंह, नगर मंडल अध्यक्ष विजेश भलवाड़ा, नाहर सिंह राठौड़, विक्रम सिंह झाला, भवानी सिंह चौहान, सोनल मीणा सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Tags:

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *