13 वर्षों बाद देवू बाई के घर में आई रोशनी
Share
घाटोल जनसुनवाई में प्रशासन और भामाशाहों ने मिलकर दिलवाया बिजली कनेक्शन
बांसवाड़ा, 6 नवम्बर (विजन 360 न्यूज डेस्क): मुख्य सचिव, राजस्थान सरकार के निर्देशानुसार गुरुवार को घाटोल ब्लॉक राज्य स्तरीय जनसुनवाई से जुड़ा, जहां ग्रामीणों ने उपखण्ड अधिकारी मनसुख डामोर को विभिन्न समस्याएं बताईं।
जनसुनवाई में 50 वर्षीय विधवा देवू पत्नी स्व. शांति जोगी ने घरेलू बिजली कनेक्शन के लिए गुहार लगाई। उन्होंने बताया कि पति की मृत्यु 2009 में सड़क दुर्घटना में हो जाने के बाद खराब आर्थिक स्थिति के कारण वह 2011 से बिजली बिल जमा नहीं कर पाईं, जिसके चलते कनेक्शन काट दिया गया था। इस कारण उनका परिवार 13 वर्षों से अंधेरे में रहने को मजबूर था।
प्रभारी अधिकारी ने बिजली विभाग से डिमांड राशि निकलवाई, लेकिन देवू बाई इसे जमा नहीं कर पाईं। उपखण्ड अधिकारी की पहल पर, जनसुनवाई में मौजूद विकास अधिकारी धनपत सिंह राव, तहसीलदार हाबुलाल मीणा, ग्राम पंचायत प्रशासक सहित अन्य अधिकारियों और भामाशाहों (धीरज पाठक, मुकेश पंचाल आदि) ने तत्काल सहयोग राशि जुटाकर डिमांड राशि जमा करवाई।
बिजली विभाग, घाटोल ने तुरंत कार्यवाही करते हुए हाथों-हाथ घरेलू बिजली का कनेक्शन जारी किया, मीटर लगाया और बिजली सुचारू कर दी। उपखण्ड अधिकारी ने बताया कि बांसवाड़ा जिला ‘गुड गवर्नेंस’ में सम्मानित हुआ है, और जिला कलेक्टर के मार्गदर्शन में जनसुनवाई में संवेदनशीलता से राहत दी जा रही है। 13 वर्षों बाद मिली इस राहत से देवू जोगी भावुक हो उठीं और उन्होंने सरकार का आभार व्यक्त किया।
