अजमेर–मदार ब्लॉक: 12 दिसंबर से कई ट्रेनों के रूट बदलेंगे, चित्तौड़गढ़ यात्रियों को होगी असुविधा
Share
चित्तौड़गढ़, 9 दिसम्बर : उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल में अजमेर–मदार रेलखंड पर रेलवे अंडर ब्रिज (RUB) निर्माण कार्य के लिए 12 दिसंबर से ट्रैफिक ब्लॉक लागू किया जा रहा है। इस कारण कई प्रमुख ट्रेनों को उनके तय मार्ग से हटाकर मदार जंक्शन–आदर्शनगर बाईपास लाइन से संचालित किया जाएगा। रूट परिवर्तन का सीधा असर चित्तौड़गढ़, उदयपुर, जयपुर और अजमेर के यात्रियों पर पड़ेगा। नया मार्ग लंबा होने से कई ट्रेनें निर्धारित समय से देरी से पहुंच सकती हैं। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले अपडेट चेक करने और अतिरिक्त समय लेकर स्टेशन पहुंचने की अपील की है।
रेलवे ने बताया कि यह बदलाव केवल RUB निर्माण पूरा होने तक ही प्रभावी रहेगा। यात्रियों को NTES ऐप या रेलवे हेल्पलाइन पर समय व रूट की जानकारी अवश्य जांचने की सलाह दी गई है।
कौन-कौन सी ट्रेनें बदलेंगी मार्ग
रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशि किरण के अनुसार 09721 जयपुर–उदयपुर सिटी स्पेशल, 12315 कोलकाता–अजमेर, 12719 जयपुर–हैदराबाद, 12991 उदयपुर सिटी–जयपुर, 12992 जयपुर–उदयपुर सिटी, 20979 उदयपुर सिटी–जयपुर, 20980 जयपुर–उदयपुर सिटी और 19606 उदयपुर सिटी–मदार जंक्शन सहित कई ट्रेनें मदार–आदर्शनगर होकर चलेंगी।
