प्रतापगढ़ थानाधिकारी के खिलाफ सर्वधर्म समाज का प्रदर्शन
Share
रैली निकाल एसपी व कलेक्टर को ज्ञापन, निलंबन व एफआईआर की मांग
प्रतापगढ़, 5 जनवरी : प्रतापगढ़ जिले में थानाधिकारी दीपक बंजारा पर मारपीट, लूटपाट, धमकी और फर्जी मामलों में फंसाने जैसे गंभीर आरोपों को लेकर सोमवार को सर्वधर्म समाज के लोगों ने तिरंगा चौराहे से जिला कलेक्ट्रेट तक रैली निकालकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपा और थानाधिकारी को तत्काल निलंबित करने तथा उनके साथ शामिल पुलिसकर्मियों व कथित फर्जी पुलिस बनकर आए व्यक्तियों के खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि 31 दिसंबर की रात्रि को थानाधिकारी दीपक बंजारा पुलिस कर्मियों और नर्सिंग कॉलेज के कुछ छात्रों को साथ लेकर लाठी व लोहे के पाइप से लैस होकर एक घर में जबरन घुसे, जहां मारपीट कर लूटपाट की गई। आरोप है कि इस दौरान घर में मौजूद अब्दुल हमीद के एक हाथ और एक पैर की हड्डी तोड़ दी गई तथा सोने के आभूषण, नकदी, मोबाइल, एलईडी टीवी और डीवीआर सहित लगभग 1 लाख 80 हजार रुपए का सामान लूट लिया गया। साथ ही झूठे एनडीपीएस मामले में फंसाने की धमकी भी दी गई।
रैली के बाद प्रदर्शनकारी जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां पुलिस अधीक्षक के साथ-साथ जिला कलेक्टर और अतिरिक्त जिला कलेक्टर को भी ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की जानकारी दी गई। कलेक्ट्रेट परिसर में बड़ी संख्या में राजस्थान और मध्य प्रदेश से आए लोग मौजूद रहे। पूर्व विधायक रामलाल मीणा ने भी नारेबाजी करते हुए धरना प्रदर्शन किया।
मुस्लिम समाज की ओर से अंजुमन फुरकानिया के सदर खान शेदखान के नेतृत्व में अलग से ज्ञापन सौंपा गया। इसमें किसानों पर झूठे एनडीपीएस मुकदमे दर्ज कर परेशान करने, एक पार्षद और उनके पिता के साथ मारपीट कर हड्डियां तोड़ने जैसे आरोपों पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई। ज्ञापन के साथ मारपीट और धमकाने से जुड़े वीडियो फुटेज भी अधिकारियों को सौंपे गए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने मामले में शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं पार्षद शाकिर शेख ने चेतावनी दी कि यदि सात दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो हजारों लोगों के साथ कलेक्ट्रेट पर उग्र आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस पार्षद सुशील गुर्जर, पूर्व कांग्रेस जिला अध्यक्ष उदयलाल अहीर सहित मंदसौर से आए कांग्रेस जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे।
