बिछीवाड़ा चर्च में धर्मांतरण का आरोप, हिंदू संगठनों का विरोध
Share
चर्च व थाने के बाहर प्रदर्शन, रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू
डूंगरपुर, 15 दिसम्बर: डूंगरपुर जिले के बिछीवाड़ा कस्बे स्थित एक चर्च में कथित धर्मांतरण का आरोप लगाते हुए हिंदू संगठनों ने विरोध-प्रदर्शन किया। संगठन के पदाधिकारी सुबह करीब 11 बजे चर्च के बाहर पहुंचे और नारेबाजी करते हुए कार्रवाई की मांग की। सूचना पर थानाधिकारी कैलाश सोनी मय जाप्ता मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।
हिंदू संगठनों का आरोप है कि चर्च में लोगों को लोभ-लालच देकर प्रार्थना सभाओं के माध्यम से धर्मांतरण कराया जा रहा है और अंधविश्वास फैलाया जा रहा है। संगठनों के पदाधिकारियों ने चर्च के बाद बिछीवाड़ा पुलिस थाने के बाहर भी प्रदर्शन कर लिखित रिपोर्ट सौंपी।
रिपोर्ट में बताया गया कि पंचायत की ओर से संबंधित स्थल पर चर्च निर्माण की कोई स्वीकृति नहीं दी गई है। आरोप है कि जिस स्थान पर अस्पताल व विद्यालय की स्वीकृति है, वहां चर्च संचालित किया जा रहा है। संगठनों ने दावा किया कि पूर्व में भी झैलाणा और बिछीवाड़ा क्षेत्र में कथित धर्मांतरण को लेकर पुलिस को अवगत कराया गया था, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
संगठनों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो 21 दिसंबर को उग्र आंदोलन किया जाएगा। इधर, पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रदर्शन में उपसरपंच करणी सिंह चौहान, दिनेशचंद खराड़ी, मोहनलाल खराड़ी, धनराज लबाना, गोपाल खराड़ी, धर्मपाल भगोरा, हरिप्रकाश खराड़ी, लालशंकर बरण्ड़ा, रोहित खराड़ी, देवीलाल खराड़ी, गोवर्धन, कालूराम सहित कई लोग मौजूद रहे।
