1772 का ट्रेन और 217 का हवाई यात्रा के लिए चयन, अगस्त के बाद रवाना हो सकती है पहली तीर्थ यात्रा ट्रेन
उदयपुर, 24 जून: राज्य सरकार की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के तहत उदयपुर जिले से 1989 वरिष्ठ नागरिकों का चयन किया गया है। बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में ऑनलाइन लॉटरी निकालकर 1772 यात्रियों का ट्रेन तथा 217 यात्रियों का हवाई यात्रा के लिए चयन किया गया।
देवस्थान विभाग के अनुसार जिले से कुल 5078 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें पति-पत्नी सहित कुल 8786 तीर्थयात्री शामिल थे। वर्ष 2011 की जनगणना के आधार पर जिले का कोटा निर्धारित किया गया और उसी के अनुरूप लॉटरी प्रक्रिया संपन्न हुई। चयनित यात्रियों के साथ-साथ समान संख्या में प्रतीक्षा सूची और अतिरिक्त सूची भी जारी की गई है। मुख्य सूची में चयनित कोई यात्री यात्रा नहीं कर पाएगा तो उसकी जगह प्रतीक्षा सूची से यात्री को अवसर दिया जाएगा।
लॉटरी प्रक्रिया जिला कलेक्टर के प्रतिनिधि एवं एडीएम (प्रशासन) दीपेंद्र सिंह राठौड़ ने बटन दबाकर पूरी की। इस दौरान समिति सदस्य सचिव विरमा राम, आरसीएचओ डॉ. राकेश गुप्ता, सहायक आयुक्त जतिन गांधी सहित पर्यटन एवं पुलिस विभाग के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
सहायक आयुक्त जतिन गांधी ने बताया कि चयनित यात्रियों की सूची देवस्थान विभाग की वेबसाइट तथा कार्यालय सूचना पट्ट पर उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि उदयपुर जिले से पहली तीर्थ यात्रा ट्रेन अगस्त माह के बाद रवाना होने की संभावना है। यात्रा मार्ग और कार्यक्रम तय होने के बाद विस्तृत शेड्यूल जारी किया जाएगा।
राज्य सरकार ने इस वर्ष 50 हजार वरिष्ठ नागरिकों को ट्रेन तथा 6 हजार यात्रियों को हवाई मार्ग से नि:शुल्क तीर्थ यात्रा कराने का लक्ष्य निर्धारित किया है।