सीएम बोले-कांग्रेस ने जिसे काकाजी माना, उसी ने कराया वन स्टेट-वन इलेक्शन

Share

उदयपुर, 5 सितंबर: उदयपुर नगर निगम चुनाव के प्रचार को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को शहर में रोड शो कर भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने का प्रयास किया। सूरजपोल से बापूबाजार होते हुए देहली गेट बैंक तिराहे तक निकाले गए रोड शो के बाद उन्होंने सभा को संबोधित किया।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए वन स्टेट-वन इलेक्शन का मुद्दा उठाया। उन्होंने कांग्रेस नेताओं के पुराने बयानों का जिक्र करते हुए कहा कि जब भाजपा ने राजस्थान में वन स्टेट-वन इलेक्शन कराने की बात कही थी, तब कांग्रेस के लोगों ने कहा था कि ‘काकाजी भी नहीं करा सकते।’ उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस के लोगों को जवाब देना चाहता हूं कि आप काकाजी किसे मान रहे हैं और जिसे काकाजी मान रहे हैं, वही आपके सामने वन स्टेट-वन इलेक्शन करा रहा है।
रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री के साथ जनजाति मंत्री बाबूलाल खराड़ी, भाजपा नेता राजेंद्र राठौड़, सांसद डॉ. मन्नालाल रावत, शहर विधायक ताराचंद जैन और ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा मौजूद रहे।
रोड शो के बाद मुख्यमंत्री ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की बैठक भी ली। उन्होंने चुनाव में पूरी ताकत के साथ जुटने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया।

मिशन 60+ को CM का बूस्टर, भाजपा ने झोंकी ताकत

रोड शो में दावेदारों का शक्ति प्रदर्शन, समीक्षा बैठक में भितरघात रोकने की रणनीति
उदयपुर, 5 सितंबर:
नगर निगम चुनाव में 60 से ज्यादा वार्ड जीतकर बोर्ड पर कब्जा बरकरार रखने के भाजपा के मिशन 60+ को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के उदयपुर दौरे से चुनावी बूस्टर मिल गया। मुख्यमंत्री के रोड शो में जहां पार्टी ने ताकत दिखाई, वहीं महापौर पद के दावेदारों ने भी अपने समर्थकों के साथ शक्ति प्रदर्शन कर अपनी राजनीतिक पकड़ का संदेश दिया। मुख्यमंत्री के दौरे के बाद शहर की चुनावी सियासत और गरमा गई है।
मुख्यमंत्री का रोड शो सूरजपोल चौराहे से शुरू होकर बापू बाजार होते हुए देहली गेट स्थित बैंक तिराहे तक पहुंचा। शुरुआत में मुख्यमंत्री ने जनसंघ के संस्थापक सदस्य डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। पूरे मार्ग में भाजपा प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह स्वागत कर माहौल को भगवामय बना दिया।
दावेदारों ने दिखाई अपनी ताकत
रोड शो के दौरान महापौर पद के प्रमुख दावेदारों प्रमोद सामर, दिनेश भट्ट, पारस सिंघवी, यशवंत आंचलिया और अतुल चंडालिया ने समर्थकों और वाहनों के साथ शक्ति प्रदर्शन किया। विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे काफिलों में 200 से 500 तक वाहन शामिल रहे। पारस सिंघवी की ओर से बापू बाजार में करीब 1000 किलो फूलों की वर्षा कर मुख्यमंत्री का स्वागत चर्चा का प्रमुख केंद्र रहा।
80 वार्डों पर मंथन, भितरघात रोकना चुनौती
रोड शो के बाद मुख्यमंत्री ने स्थानीय होटल में पार्टी के विधायकों, पदाधिकारियों और प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ मैराथन बैठक की। बैठक में नए परिसीमन के बाद बदले 80 वार्डों के समीकरण, प्रत्याशियों की स्थिति और चुनावी तैयारियों की समीक्षा की गई। पार्टी के सामने सबसे बड़ी चुनौती बागी प्रत्याशियों और संभावित भितरघात को रोकने की है। इसके लिए नेताओं और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी तय करने पर भी मंथन हुआ।

आदिवासी बेल्ट में बीएपी की बढ़ती ताकत, कांग्रेस के गढ़ में सेंध

150 से ज्यादा प्रत्याशी मैदान में, भाजपा-कांग्रेस दोनों के लिए बढ़ी चुनौती; निकाय चुनाव से संगठन विस्तार की तैयारी
उदयपुर, 5 सितंबर:
राजस्थान के निकाय चुनाव इस बार दक्षिण राजस्थान में बदलते राजनीतिक समीकरणों की नई पटकथा लिख सकते हैं। आदिवासी राजनीति के नए केंद्र के रूप में उभरी भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) ने नगर निकाय चुनाव में अपना दायरा तेजी से बढ़ाया है। पिछले निकाय चुनाव की तुलना में करीब तीन गुना ज्यादा प्रत्याशी मैदान में उतारकर पार्टी ने साफ संकेत दे दिया है कि अब उसका लक्ष्य सिर्फ विधानसभा और लोकसभा तक सीमित नहीं, बल्कि नगर निकायों में भी राजनीतिक आधार मजबूत करना है।
बांसवाड़ा-डूंगरपुर को लंबे समय से कांग्रेस का मजबूत आदिवासी गढ़ माना जाता रहा है। लेकिन पिछले कुछ वर्षों में बीएपी के उभार ने इस समीकरण को बदल दिया है। विधानसभा और लोकसभा चुनावों में प्रभाव दिखाने के बाद अब पार्टी शहरों और कस्बों में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराने की रणनीति पर आगे बढ़ रही है।
180 में 63 वार्डों में मुकाबला
बांसवाड़ा और डूंगरपुर जिले की पांच नगर निकायों के कुल 180 वार्डों में BAP ने 63 वार्डों में प्रत्याशी उतारे हैं। बांसवाड़ा के 60 में से 20, गढ़ी के 25 में से 11, कुशलगढ़ के 20 में से 6, डूंगरपुर के 40 में से 12 और सागवाड़ा के 35 में से 14 वार्डों में पार्टी चुनाव लड़ रही है। इसके अलावा उदयपुर, पाली, सिरोही, प्रतापगढ़ और सलूंबर में भी 80 से अधिक प्रत्याशी मैदान में हैं।
बीएपी के संस्थापक एवं सांसद राजकुमार रोत के अनुसार पिछले निकाय चुनाव में पार्टी ने करीब 50 प्रत्याशी उतारे थे, जबकि इस बार यह संख्या 150 के आसपास पहुंच गई है।
कांग्रेस के परंपरागत वोट बैंक पर नजर
दक्षिण राजस्थान में आदिवासी मतदाताओं का बड़ा हिस्सा लंबे समय तक कांग्रेस के साथ रहा है। ऐसे में बीएपी का विस्तार कांग्रेस के लिए सीधी चुनौती बन सकता है। आदिवासी मतदाताओं की निर्णायक भूमिका वाले वार्डों में बीएपी की मजबूत मौजूदगी कांग्रेस के वोटों को प्रभावित कर सकती है। हालांकि इसका सीधा लाभ भाजपा को मिलेगा, यह भी तय नहीं है। कई सीटों पर बीएपी भाजपा के वोट बैंक में भी सेंध लगा सकती है।
नए क्षेत्रों में भाजपा-कांग्रेस से सीधा मुकाबला
बीएपी ने इस बार बांसवाड़ा-डूंगरपुर तक सीमित रहने के बजाय उदयपुर, पाली, सिरोही, प्रतापगढ़ और सलूंबर तक अपना विस्तार किया है। इससे स्पष्ट है कि पार्टी निकाय चुनावों को संगठन विस्तार के अगले चरण के रूप में देख रही है। मजबूत प्रदर्शन हुआ तो आगामी पंचायत और विधानसभा चुनावों में इसका असर दिखाई दे सकता है।
मेसा कानून पर घोषणापत्र में जोर
बीएपी रविवार को अपना चुनावी घोषणापत्र जारी करेगी। इसमें म्युनिसिपल एक्सटेंशन एक्ट (मेसा) को प्रमुख मुद्दा बनाए जाने की संभावना है। राजकुमार रोत का कहना है कि आदिवासी क्षेत्रों में गठित नगरपालिकाओं को संविधान की भावना के अनुरूप होना चाहिए और नगर पालिका सीमा में आने वाली आदिवासियों की जमीनों के मालिकाना हक की रक्षा जरूरी है।

मंदिर में प्रसादी कराई तो परिवार का हुक्का-पानी बंद

पंचायत ने लगाया 1.51 लाख का जुर्माना, नहीं देने पर समाज से बहिष्कार; मौत पर श्मशान का रास्ता भी रोका
उदयपुर, 5 सितम्बर:
उदयपुर जिले के गोगुंदा क्षेत्र में सामाजिक बहिष्कार का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। गांव के मंदिर में प्रसादी का आयोजन करने से नाराज पंचायत ने एक परिवार पर 1 लाख 51 हजार रुपए का जुर्माना लगा दिया। परिवार ने रकम देने में असमर्थता जताई तो कथित तौर पर उसका हुक्का-पानी बंद कर समाज से अलग कर दिया गया। मामला इतना बढ़ा कि परिवार में मौत होने पर अंतिम संस्कार के लिए श्मशान जाने का रास्ता तक रोकने का आरोप है।
नेतावतों की भागल, भूताला निवासी गणेश सिंह ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि 24 मई को गांव के मंदिर में परिवार की ओर से प्रसादी का आयोजन किया गया था। आयोजन के बाद कुछ लोगों ने इस पर आपत्ति जताई और अगले दिन पंचायत बुलाकर परिवार पर 1.51 लाख रुपए का जुर्माना लगाया। रकम नहीं देने पर परिवार से सामाजिक संबंध खत्म करने का फरमान सुनाया गया।
विरोध किया तो मारपीट का आरोप
पीड़ित परिवार का आरोप है कि पंचायत के फैसले के बाद गांव के लोगों को उनसे मेल-जोल और बातचीत नहीं करने की हिदायत दी गई। विरोध करने पर गाली-गलौज और मारपीट की गई। मंदिर सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर आने-जाने में भी बाधा डाली गई।
सबसे गंभीर आरोप यह है कि 29 मई को परिवार में एक व्यक्ति की मृत्यु होने पर अंतिम संस्कार के लिए श्मशान जाने वाला रास्ता भी बंद कर दिया गया। पीड़ित ने बताया कि उसने स्थानीय पुलिस से लेकर उच्च अधिकारियों तक शिकायत की, लेकिन मामला दर्ज नहीं हुआ। इसके बाद कोर्ट की शरण लेनी पड़ी।
11 लोगों पर केस
एएसआई विनेश कुमार के अनुसार, कोर्ट के आदेश के बाद 3 सितंबर को पांच प्रमुख पंचों सहित कुल 11 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

डूंगरपुर में NH-48 पर 60 लाख की शराब पकड़ी

मोतली मोड़ के पास 2 लोडिंग टेम्पो से 335 कार्टन बरामद, 3 आरोपी गिरफ्तार
डूंगरपुर, 5 सितंबर:
डूंगरपुर जिले में पुलिस की स्पेशल टीम (डीएसटी) ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई की है। सदर थाना क्षेत्र में NH-48 पर मोतली मोड़ के पास 2 लोडिंग टेम्पो से 60 लाख रुपए की अवैध शराब जब्त की गई है। पुलिस ने इस मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
सदर सीआई संगीता बंजारा ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। डीएसटी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एनएच-48 पर 2 लोडिंग टेम्पो में अवैध शराब की तस्करी हो रही है। इस पर डीएसटी ने मोतली मोड़ के पास नाकेबंदी की।
सब्जियों की आड़ में हो रही थी तस्करी
टीम ने एक लोडिंग टेम्पो को रोका। उसमें बैठे लोगों ने पूछताछ में सब्जियां होने की बात कही। तलाशी लेने पर सब्जियों के कैरेट के नीचे भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब छिपाई मिली। इस टेम्पो से विभिन्न ब्रांड के 194 कार्टन अवैध शराब जब्त की गई। पुलिस ने उदयपुर बम्बोरा निवासी शेर सिंह और गोपाल नागदा को हिरासत में लिया।
इसके बाद डीएसटी ने खेरवाड़ा की तरफ से आ रहे एक ग्रे रंग के लोडिंग टेम्पो को रुकने का इशारा किया। चालक ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की। उसने टेम्पो को एक बंद ढाबे के पास खड़ा किया और दो लोग भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर एक व्यक्ति को पकड़ लिया, जबकि दूसरा भागने में सफल रहा।
पकड़े गए व्यक्ति की पहचान सलूंबर निवासी मुकेश गिरी के रूप में हुई। इस टेम्पो की तलाशी लेने पर सब्जियों के कैरेट के नीचे से 141 कार्टन अंग्रेजी शराब जब्त की गई। डीएसटी ने टेम्पो से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया।
डीएसटी ने दोनों मामलों में वाहनों और शराब को जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए सदर थाना पुलिस को सौंप दिया है।

पावरहाउस और ग्रिड से तांबा चुराने वाली गैंग पकड़ी

3 बदमाश गिरफ्तार, तांबा खरीदने वाला व्यापारी भी नामजद; राजस्थान-मध्य प्रदेश में 10 वारदातों का खुलासा
चित्तौड़गढ़, 5 सितम्बर:
बिजली के पावर हाउस और ग्रिड को निशाना बनाकर ट्रांसफॉर्मरों से तांबा चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। जिला पुलिस और डीएसटी की संयुक्त टीम ने गिरोह के तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। तांबा खरीदने वाले व्यापारी समेत तीन अन्य आरोपियों को नामजद किया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरोह ने चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़, बांसवाड़ा, उदयपुर, भीलवाड़ा तथा मध्य प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों में करीब 10 बड़ी वारदातें करना स्वीकार किया है। आरोपी रात में पावर हाउस में घुसकर कर्मचारियों को लाठी, सरियों और गुलेल से डराते थे और ट्रांसफॉर्मर काटकर उसमें से तांबा निकाल ले जाते थे।
निम्बाहेड़ा के अहिंसा सर्किल पावर हाउस में 3 अगस्त की रात 7-8 बदमाशों ने धावा बोलकर तीन ट्रांसफॉर्मरों से तांबा निकाल लिया था। इससे बिजली निगम को करीब तीन लाख रुपए का नुकसान हुआ।
जांच के दौरान पुलिस ने मुकेश रावल, राहुल भील और शिवा भील को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से दो बाइक और वारदात में इस्तेमाल भारी औजार बरामद हुए हैं। पूछताछ में सामने आया कि गिरोह ने 30 से ज्यादा ट्रांसफॉर्मरों को निशाना बनाया।

श्रद्धालुओं को लूटने वाली गैंग का मुख्य आरोपी गिरफ्तार

महिलाओं और दंपतियों को बनाते थे निशाना, मेढ़की महादेव, मेनाल और सेमलपुरा घाटा में 6 वारदातों का खुलासा
चित्तौड़गढ़, 5 सितम्बर:
मंदिरों में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं से मारपीट कर मोबाइल, जेवर और नकदी लूटने वाली गैंग के मुख्य आरोपी को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी रघुवीर कंजर निवासी मंडावरी, बेगूं है। पुलिस उसके साथियों को पहले ही गिरफ्तार कर लूट का सामान बरामद कर चुकी है।
एसपी धर्मेंद्र सिंह के अनुसार 5 जून को सेमलपुरा घाटा क्षेत्र में भेरूलाल प्रजापत और गीता देवी मंदिर दर्शन के बाद पास में करूंदा तोड़ रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार तीन बदमाशों ने दोनों से मारपीट की और भेरूलाल के दो मोबाइल लूट लिए। गीता देवी के नाक-कान के सोने के जेवर, बालियां, मंगलसूत्र और नकदी भी छीनकर फरार हो गए।
घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए डीएसटी और कोतवाली पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और पुराने अपराधियों के रिकॉर्ड के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची।
पूछताछ में रघुवीर ने साथियों के साथ बस्सी के मेढ़की महादेव, बेगूं के मेनाल और सेमलपुरा घाटा क्षेत्र में छह लूट की वारदातें करना स्वीकार किया है। पुलिस अब गैंग की अन्य वारदातों और सदस्यों की जानकारी जुटा रही है।

नगर परिषद के फर्जी पट्टा गिरोह का पर्दाफाश, पूर्व संविदाकर्मी मास्टरमाइंड

30 से ज्यादा लोगों से लाखों की ठगी का खुलासा; आयुक्त के फर्जी हस्ताक्षर, सील और पट्टे के कागज बरामद, तीन गिरफ्तार
डूंगरपुर, 5 सितम्बर:
नगर परिषद में फर्जी पट्टे तैयार कर लोगों से लाखों रुपए ऐंठने वाले गिरोह का कोतवाली थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के मास्टरमाइंड पूर्व संविदाकर्मी एवं कंप्यूटर ऑपरेटर वंदित वैरागी समेत राजु खराड़ी और नरेश कोटेड को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से आधा दर्जन फर्जी पट्टे, लैपटॉप सहित अन्य सामग्री बरामद की गई है।
मामले का खुलासा तब हुआ, जब वसुंधरा विहार निवासी बलवंत सिंह भाटी नगर परिषद कार्यालय में अपना पट्टा जमा कराने पहुंचे। जांच में पट्टे पर आयुक्त और कनिष्ठ अभियंता के फर्जी हस्ताक्षर मिले। साथ ही पट्टे की फीस जमा कराने की कोई रसीद भी नहीं मिली। इसके बाद नगर परिषद आयुक्त ललित सिंह देथा की रिपोर्ट पर कोतवाली थाने में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि बलवंत सिंह ने आदर्श नगर निवासी राजु खराड़ी के माध्यम से पट्टा बनवाया था। इसके लिए उससे 1.50 लाख रुपए लिए गए थे। राजु ने वंदित वैरागी और नरेश कोटेड के साथ मिलकर फर्जी दस्तावेज तैयार किए थे।
कार्यालय से ही चुरा लिए थे पट्टे के सामान
पुलिस के अनुसार वंदित वैरागी नगर परिषद में संविदा पर कंप्यूटर ऑपरेटर था और लापरवाही के चलते उसे नौकरी से निकाल दिया गया था। नौकरी के दौरान उसने कथित तौर पर कार्यालय से 30-35 येलो शीट, पट्टे के प्रारूप, नगर परिषद की सील-मोहर और आयुक्त के नमूना हस्ताक्षर हासिल कर लिए थे। इन्हीं का इस्तेमाल कर गिरोह फर्जी पट्टे तैयार करता था।
आरोपियों ने पूछताछ में 30 से अधिक लोगों को पट्टा दिलाने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी करना स्वीकार किया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर फर्जी पट्टों और ठगी के पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।

श्रीनाथजी की हवेली में नंद महोत्सव की धूम

स्वर्ण पलने में झूले लाड़ले लाल, दूध-दही की होली में सराबोर हुए श्रद्धालु; ग्वाल-बाल और गोपियों के रूप में सेवकों ने किया नृत्य
नाथद्वारा, 5 सितम्बर:
पुष्टिमार्गीय वल्लभ संप्रदाय की प्रधानपीठ श्रीनाथजी मंदिर में शनिवार को कृष्ण जन्मोत्सव के दूसरे दिन पारंपरिक नंद महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। हवेली में सुबह से ही उत्सव का उल्लास नजर आया। हजारों वैष्णव और श्रद्धालु नंदोत्सव के साक्षी बनने पहुंचे। दूध, दही, हल्दी और केसर की वर्षा के बीच पूरा वातावरण ‘नंद घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारों से गूंज उठा।
मंगला दर्शन के बाद तिलकायत पुत्र विशाल बावा ने परंपरानुसार श्रीजी प्रभु और गोद के ठाकुर लाड़ले लाल नवनीतप्रियाजी का छठी पूजन किया। इसके बाद बाल स्वरूप प्रभु को स्वर्ण पलने में विराजित कर झुलाया गया। श्रीजी के बड़े मुखिया इंद्रवदन ने नंद बाबा और लाड़ले लाल के मुखिया ने यशोदा मैया का स्वरूप धारण कर बाल प्रभु को झुलाया।
ग्वाल-बाल और गोपियों ने किया नृत्य
मंदिर के भीतरिया सेवकों ने ग्वाल-बाल और गोपियों का स्वरूप धारण कर नृत्य किया और बाल स्वरूप प्रभु को रिझाया। विशाल बावा और लाल बावा ने स्वर्ण-रजत खिलौनों से लाड़ले लाल को लाड़ लड़ाया। इसके बाद आरती हुई।
दूध-दही की होली में झूमे श्रद्धालु
आरती के बाद हवेली में दूध-दही की होली खेली गई। श्रद्धालु भक्ति के रंग में सराबोर होकर जयकारे लगाते रहे। परंपरा के अनुसार विशाल बावा बड़े मुखिया इंद्रवदन को श्रीमहाप्रभुजी की बैठक में ले गए, जहां दंडवत कर आशीर्वाद लेने की परंपरा निभाई गई। जन्माष्टमी से शुरू हुआ बधाई और प्रसाद वितरण का सिलसिला भी जारी रहा।

बांसवाड़ा में भाई-भाई और पड़ोसी आमने-सामने

एक भाई कांग्रेस से, दूसरा निर्दलीय; दो बहनें भाजपा-कांग्रेस से मैदान में, 10 कदम की दूरी पर दोनों प्रत्याशियों के चुनाव कार्यालय
बांसवाड़ा, 5 सितम्बर:
नगर परिषद चुनाव में नामांकन वापसी के बाद बांसवाड़ा के 60 में से 59 वार्डों की तस्वीर साफ हो गई है। कई वार्डों में राजनीतिक मुकाबले के साथ रिश्तों और पड़ोस की दिलचस्प टक्कर भी देखने को मिल रही है। वार्ड 20 में सगे भाई आमने-सामने हैं, जबकि वार्ड 42 और 54 में दो बहनें अलग-अलग दलों से चुनाव लड़ रही हैं। वार्ड 44 में कांग्रेस और भाजपा प्रत्याशियों के घर और चुनाव कार्यालय भी एक-दूसरे से चंद कदम की दूरी पर हैं।
भाई ने भरा निर्दलीय पर्चा, अब छोटे भाई के समर्थन में
वार्ड 20 से कांग्रेस ने मुकेश यादव को प्रत्याशी बनाया है। उनके बड़े भाई डायलाल यादव ने भी निर्दलीय नामांकन दाखिल किया था। इस वार्ड में कुल छह प्रत्याशी मैदान में हैं। डायलाल का कहना है कि उन्होंने वार्ड 20 और 23 से पार्टी टिकट मांगा था। वार्ड 23 एससी महिला के लिए आरक्षित होने के कारण टिकट नहीं मिला। पार्टी को अपनी ताकत और नाराजगी का अहसास कराने के लिए उन्होंने निर्दलीय पर्चा भरा था।
हालांकि अब वे छोटे भाई मुकेश यादव के समर्थन में हैं। उनका कहना है कि पार्टी नेताओं के समझाने के बावजूद व्यस्तताओं के कारण नामांकन वापस नहीं ले पाए। वे कांग्रेस के पक्ष में प्रचार करते हुए भाई को जिताने का प्रयास करेंगे। उन्होंने पार्टी की ओर से परिवार की 25 साल की निष्ठा की अनदेखी का भी आरोप लगाया।
दो बहनें, दो दल
वार्ड 42 से भाजपा की गायत्री शर्मा और वार्ड 54 से कांग्रेस की राजेश्वरी शर्मा मैदान में हैं। दोनों सगी बहनें हैं। गायत्री पूर्व में पार्षद रह चुकी हैं। दोनों अलग-अलग राजनीतिक दलों से चुनाव लड़ रही हैं, जिससे यह मुकाबला भी चर्चा में है।
10 कदम की दूरी पर चुनावी जंग
वार्ड 44 में कांग्रेस के नवीन पंड्या और भाजपा के तरंग मेहता आमने-सामने हैं। दोनों भोजापालिया क्षेत्र में रहते हैं और उनके घरों के बीच महज 10-15 कदम की दूरी है। खास बात यह है कि दोनों के चुनाव कार्यालय भी एक ही गली में हैं। गली से बाहर निकलते ही एक कार्यालय दाईं ओर और दूसरा बाईं ओर है। दोनों कार्यालयों के बीच दूरी 10 कदम से भी कम है। ऐसे में यहां चुनावी मुकाबला राजनीतिक होने के साथ पड़ोसी बनाम पड़ोसी की चर्चा भी बटोर रहा है।

झील बनी अंतरराष्ट्रीय जलक्रीड़ा का आकर्षण केंद्र

कजाकिस्तान संघ के महासचिव अदलेट कुसमानोव और एशियन कायाकिंग अध्यक्ष प्रशान्त कुशवाह बोले- दुनिया में नहीं देखा ऐसा प्राकृतिक जलक्रीड़ा स्थल
उदयपुर, 5 सितंबर:
झीलों की नगरी उदयपुर को अंतरराष्ट्रीय जलक्रीड़ा हब के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। एशियन एवं भारतीय कायाकिंग-कैनोईंग संघ के अध्यक्ष प्रशान्त कुशवाह के नेतृत्व में उच्चस्तरीय अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल उदयपुर पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल में कजाकिस्तान कायाकिंग एवं कैनोईंग संघ के महासचिव अदलेट कुसमानोव, एशियन कैनो कंफेडरेशन की चीफ एडवाइजर स्नेह निगम सहित एशियाई एवं भारतीय कायाकिंग-कैनोईंग क्षेत्र के वरिष्ठ पदाधिकारी और विशेषज्ञ शामिल रहे। उदयपुर एयरपोर्ट पर अतिथियों का पारंपरिक राजस्थानी अंदाज में स्वागत किया गया।
प्रतिनिधिमंडल ने फतेहसागर झील स्थित कायाकिंग प्रशिक्षण केंद्र का दौरा कर प्राकृतिक एवं तकनीकी परिस्थितियों का जायजा लिया। प्रशान्त कुशवाह ने कहा कि उन्होंने दुनिया के कई देशों में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं और विभिन्न खेल स्थलों को देखा है, लेकिन फतेहसागर जैसी प्राकृतिक सुंदरता और प्रतियोगिताओं के लिए उपयुक्त जल संरचना कहीं नहीं मिली। कजाकिस्तान संघ के महासचिव अदलेट कुसमानोव ने फतेहसागर को प्रकृति का अनमोल उपहार बताते हुए कहा कि सरकार और स्थानीय प्रशासन के समन्वित प्रयास से यहां एशियाई और अंतरराष्ट्रीय स्तर की कैनो स्प्रिंट प्रतियोगिताएं आयोजित की जा सकती हैं।
ड्रैगन बोट लीग और एशियाई प्रतियोगिताओं का प्रस्ताव
प्रतिनिधिमंडल के दौरे के दौरान उदयपुर में आईपीएल की तर्ज पर भारतीय ड्रैगन बोट लीग आयोजित करने तथा वर्ष 2027 में एशियाई स्तर की कायाकिंग एवं कैनोईंग प्रतियोगिताओं के आयोजन पर चर्चा हुई। साथ ही भारत और कजाकिस्तान के खिलाड़ियों के बीच प्रशिक्षण एवं खेल अनुभव के आदान-प्रदान पर सहमति बनी। भविष्य में कजाकिस्तान के खिलाड़ी प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के लिए उदयपुर आएंगे, जबकि उदयपुर के खिलाड़ियों को कजाकिस्तान भेजने की योजना पर भी चर्चा हुई।
संघ का पंजीकरण लंबित, खिलाड़ी प्रभावित
राजस्थान कायाकिंग एवं कैनोईंग संघ के सचिव दिलीप सिंह चौहान ने बताया कि उदयपुर के कई खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। हाल ही में हर्षवर्धन शक्तावत का जापान में होने वाली एशियाई प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। इसके बावजूद राजस्थान कायाकिंग एवं कैनोईंग संघ का राज्य क्रीड़ा परिषद में पंजीकरण अब तक लंबित है। उन्होंने कहा कि पंजीकरण नहीं होने से खिलाड़ियों को राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपने खर्च पर हिस्सा लेना पड़ता है और खेल संसाधनों की कमी भी बनी हुई है। उन्होंने सरकार और क्रीड़ा परिषद से शीघ्र पंजीकरण की मांग की।
खेल पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
संघ पदाधिकारियों ने बताया कि उदयपुर में पूर्व में खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के तहत कायाकिंग एवं कैनोईंग प्रतियोगिताओं का आयोजन हो चुका है। आगामी दिनों में अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल उदयपुर की विभिन्न झीलों का तकनीकी एवं भौगोलिक अध्ययन करेगा। पदाधिकारियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के नियमित आयोजन से उदयपुर को वैश्विक खेल पहचान मिलने के साथ पर्यटन, रोजगार, निवेश और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी। प्रतिनिधिमंडल ने सिटी पैलेस का भी भ्रमण किया।
कैप्शन:
कायाकिंग- उदयपुर। फतेहसागर झील का निरीक्षण करते अंतरराष्ट्रीय कायाकिंग-कैनोईंग प्रतिनिधिमंडल।

बाल विवाह रोकने वाले शिक्षक सम्मानित

प्रतापगढ़: शिक्षक दिवस पर पीपलखूंट पंचायत समिति की जैथेलिया ग्राम पंचायत स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल में बाल विवाह रोकथाम के लिए कार्य कर रहे शिक्षकों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम का आयोजन गायत्री सेवा संस्थान, उदयपुर की ओर से किया गया। मुख्य अतिथि बाल अधिकार विशेषज्ञ एवं राजस्थान बाल आयोग के पूर्व सदस्य डॉ. शैलेन्द्र पंड्या ने कहा कि बाल विवाह के खिलाफ भारत से उठी आवाज अब वैश्विक संकल्प बन चुकी है। उन्होंने कहा कि बाल विवाह को जड़ से खत्म करने में शिक्षकों की भूमिका अहम है। प्रधानाचार्य सुरेश चंद्र सैनी ने बाल विवाह के दुष्परिणाम बताए। जिला समन्वयक रामचन्द्र मेघवाल ने बताया कि जेआरसी की पहल पर प्रस्ताव संयुक्त राष्ट्र महासभा में रखा गया था।

निर्दलीय उतरे नेता पर कांग्रेस की कार्रवाई

सलूंबर: सलूंबर नगर परिषद चुनाव में पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ निर्दलीय चुनाव लड़ रहे कांग्रेस नेता महिपाल खेतावत (जैन) पर पार्टी ने कार्रवाई की है। जिला कांग्रेस कमेटी ने उन्हें प्राथमिक सदस्यता से छह साल के लिए निलंबित कर दिया। पार्टी के अनुसार वार्ड नंबर-2 से कांग्रेस ने नरेश जैन को अधिकृत प्रत्याशी बनाया है। इसके बावजूद महिपाल खेतावत ने उनके खिलाफ निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया। कांग्रेस ने इसे पार्टी अनुशासन का उल्लंघन माना। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष परमानन्द मेहता एडवोकेट और संगठन महासचिव गणेश एन. मेहता एडवोकेट ने 4 सितंबर को कार्रवाई संबंधी प्रेस नोट जारी किया। यह कार्रवाई प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा के निर्देश पर की गई।

51 शिक्षक सम्मानित


उदयपुर: शिक्षक दिवस के अवसर पर वृक्षम अमृतम सेवा संस्थान की ओर से विद्या भवन पॉलीटेक्निक महाविद्यालय में “वृक्षम शिक्षक गौरव सम्मान” समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में समर्पित सेवाओं के लिए 51 शिक्षकों को सम्मानित किया गया। संस्था अध्यक्ष डॉ. गोपेश शर्मा ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व, संस्कार और भविष्य का निर्माण भी करते हैं। महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. अनिल मेहता ने संस्था की पहल की सराहना की। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए महाविद्यालय को आम का पौधा भी भेंट किया गया। कार्यक्रम का संचालन सोनू हीरावत ने किया। समारोह में संस्था के पदाधिकारियों ने शिक्षकों के योगदान को याद करते हुए उनके प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की।

13 को हस्तीमल व्याख्यानमाला

उदयपुर: पाथेय कण संस्थान एवं विश्व संवाद केन्द्र समिति के संयुक्त तत्वावधान में हस्तीमल व्याख्यानमाला का प्रथम व्याख्यान 13 सितंबर को आरएनटी मेडिकल कॉलेज के मुख्य सभागार में होगा। “हम भारत के लोग: संविधान का समाज को एकात्म संदेश” विषय पर माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान के अध्यक्ष हनुमान सिंह राठौड़ मुख्य वक्तव्य देंगे। अध्यक्षता पाथेय कण संस्थान अध्यक्ष एवं हरिदेव जोशी पत्रकारिता विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. नंदकिशोर पाण्डेय करेंगे। कार्यक्रम संयोजक विकास छाजेड़ ने बताया कि व्याख्यानमाला का उद्देश्य संविधान की लोकतांत्रिक भावना, नागरिक दायित्व और एकात्म भाव पर वैचारिक संवाद करना है। कार्यक्रम में 2025 और 2026 में देहदान करने वाले दिवंगत व्यक्तियों के परिजनों का सम्मान किया जाएगा। संविधान पर चित्र प्रदर्शनी और साहित्य केन्द्र भी आकर्षण रहेगा।

10 साल की मायर्रा ने जीते दो स्वर्ण

\उदयपुर: उदयपुर की 10 वर्षीय स्केटिंग खिलाड़ी मायर्रा त्यागी ने कम उम्र में ही राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर शहर का गौरव बढ़ाया है। मायर्रा ने एशियन आइस स्केटिंग प्रतियोगिता में 14 देशों के खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा करते हुए अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया। इससे पहले जयपुर के एसआरएन इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित सीबीएसई वेस्ट जोन रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता में उन्होंने दो प्रमुख स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक जीते। मायर्रा की उपलब्धि पर परिवार, विद्यालय और प्रशिक्षकों में खुशी है। नियमित अभ्यास, अनुशासन और आत्मविश्वास के दम पर उन्होंने कम उम्र में बड़ा मुकाम हासिल किया है। उनकी सफलता खेलों में करियर बनाने का सपना देखने वाले बच्चों के लिए प्रेरणादायी है।

जोधपुर के हिस्ट्रीशीटर से 1.58 ग्राम MDMA बरामद

उदयपुर: प्रतापनगर थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में जोधपुर कमिश्नरेट के हिस्ट्रीशीटर को 1.58 ग्राम MDMA के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी शिवपाल सिंह (36) निवासी सिंघली, लूणी, जोधपुर वर्तमान में उदयपुर के मेघावास क्षेत्र में रह रहा था। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से MDMA बरामद हुआ। पुलिस ने प्रकरण संख्या 497/2026 में धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने पर ड्रग्स नेटवर्क और सप्लायरों की जानकारी जुटाने के लिए तीन दिन का पुलिस रिमांड मिला। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस, आर्म्स एक्ट, लूट, चोरी और नकबजनी सहित विभिन्न धाराओं में 26 मामले दर्ज हैं। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

13 साल बाद पकड़ा इनामी आरोपी

उदयपुर: धनमंडी थाना पुलिस ने 13 साल से फरार चल रहे पांच हजार रुपए के इनामी आरोपी जहीर शाह (52) को गिरफ्तार किया है। आरोपी गुजरात के मेहसाणा जिले के भादर गांव का निवासी है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना और तकनीकी सहायता से उसे रामोसणा चौकड़ी क्षेत्र से पकड़ा। पुलिस के अनुसार वर्ष 2013 में जहीर शाह और उसके साथी अहमदशाह ने ‘अल्कादरी टूर एंड ट्रैवेल्स’ के नाम से विदेशी धार्मिक यात्राएं कराने तथा पासपोर्ट-वीजा बनवाने का भरोसा देकर यात्रियों से रुपए और पासपोर्ट लिए और फरार हो गए थे। इस संबंध में धनमंडी थाने में प्रकरण दर्ज किया गया था। आरोपी के खिलाफ धारा 420, 406 और 120बी भादंसं के तहत मामला दर्ज था। पुलिस के अनुसार वह पहचान और ठिकाना बदलकर फरारी काट रहा था।

शिक्षक दिवस पर गुरुजनों का सम्मान

खेरवाड़ा (शिमला कु. मीणा): राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सुंदरा में शिक्षक दिवस पर छात्र-छात्राओं की ओर से शिक्षकों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में गत वर्ष कक्षा 10वीं और 12वीं में प्रथम व द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। विद्यालय में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव भी मनाया गया। संस्था प्रधान कमला शंकर दरंगा ने अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन नरेंद्र कुमार कलाल ने किया। इस अवसर पर बीएलओ रजनीश कुमार जैन और खूब चंद जैन का भी सम्मान किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की।