कहा- जनता साथ होती तो वोट भी मिलते; उदयपुर में आयड़ संग्रहालय का निरीक्षण, बाल गृहों की व्यवस्थाएं देखीं, मेवाड़ राजपरिवार को दी सांत्वना
उदयपुर, 19 अक्टूबर: राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने राहुल गांधी के चुनाव आयोग पर लगाए जा रहे आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि वे हार की निराशा और फ्रस्ट्रेशन में ऐसी बातें कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इतने चुनाव हो गए, लेकिन राहुल गांधी एक भी चुनाव नहीं जीत पाए। यदि जनता उनकी बातों को गंभीरता से लेती तो वोट भी मिलते। नेता प्रतिपक्ष को जिम्मेदारी से बयान देना चाहिए।
दीया कुमारी सोमवार को उदयपुर में आयड़ संग्रहालय के निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत कर रही थीं। मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग और प्रदर्शनों पर उन्होंने कहा कि प्रदर्शन करना अलग बात है, लेकिन मुद्दे में दम होना चाहिए। हर काम की प्रक्रिया होती है। सड़कों पर हंगामा करने से कुछ नहीं होता। उन्होंने दावा किया कि पंचायत चुनावों में भाजपा प्रचंड बहुमत से जीतेगी और जिला प्रमुख व प्रधान भाजपा के बनेंगे।
पर्यटन और संग्रहालयों के विकास पर जोर
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि उदयपुर और जयपुर में पर्यटन बढ़ाने के लिए हवाई, सड़क और रेल कनेक्टिविटी के साथ पर्यटकों की सुरक्षा, साफ-सफाई और बेहतर व्यवस्थाएं जरूरी हैं। सरकार प्रदेश के 10 राजकीय संग्रहालयों का नवीनीकरण कर उन्हें आधुनिक और आकर्षक बना रही है। उन्होंने आयड़ संग्रहालय में सुधार के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने नारी निकेतन और बाल गृहों का निरीक्षण कर बच्चों से बातचीत की। बाल गृहों की मरम्मत के लिए बजट उपलब्ध होने और काम जारी होने की जानकारी दी।
मेवाड़ राजपरिवार को दी सांत्वना, दिवंगत राजमाता विजयराज कुमारी को दी श्रद्धांजलि
डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने सिटी पैलेस पहुंचकर मेवाड़ के पूर्व राजपरिवार की सदस्या विजयराज कुमारी मेवाड़ को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने पूर्व राजपरिवार के सदस्य लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ से मिलकर उनकी मां के देवलोकगमन पर गहन संवेदनाएं प्रकट की। इससे पहले दिया कुमारी ने नाथद्वारा में प्रभु श्रीनाथजी की ग्वाल झांकी के दर्शन किए।