जीरो डोज़ बच्चों की पहचान और शत-प्रतिशत टीकाकरण कवरेज पर जोर

Share

गावी-ज़िप परियोजना के तहत टीकाकरण माइक्रोप्लान की समीक्षा
उदयपुर, 24 जून:
गावी (Gavi) समर्थित ज़ीरो डोज़ इम्प्लीमेंटेशन प्लान (ZIP) के अंतर्गत उदयपुर शहर में नियमित टीकाकरण सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से माइक्रोप्लान समीक्षा एवं अद्यतन बैठक आयोजित की गई। 19 एवं 26 जून को आयोजित इस बैठक में शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के एएनएम, एलएचवी, पीएचएम तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक आदित्य ने बताया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य नियमित टीकाकरण माइक्रोप्लान को अद्यतन करना, टीकाकरण से वंचित (लेफ्टआउट) एवं बीच में छूटे (ड्रॉपआउट) बच्चों की पहचान करना तथा जीरो डोज़ बच्चों की संख्या कम करने के लिए प्रभावी रणनीति तैयार करना था।
जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राकेश गुप्ता ने बताया कि गावी-ज़िप परियोजना के तहत शहरी क्षेत्रों में जीरो डोज़ बच्चों की पहचान और टीकाकरण कवरेज में सुधार के लिए विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि माइक्रोप्लान के प्रभावी क्रियान्वयन से प्रत्येक पात्र बच्चे तक जीवनरक्षक टीकों की पहुंच सुनिश्चित की जा सकेगी।
सर्विलेंस मेडिकल ऑफिसर डॉ. अक्षय व्यास ने वार्डवार एवं सत्रवार टीकाकरण कवरेज की समीक्षा करते हुए उन क्षेत्रों की पहचान की, जहां टीकाकरण से वंचित बच्चों की संख्या अपेक्षाकृत अधिक है। उन्होंने ऐसे क्षेत्रों में विशेष प्रयास करने की आवश्यकता पर बल दिया।
शहर प्रभारी डॉ. कैलाश शर्मा ने निर्देश दिए कि प्रत्येक टीकाकरण सत्र स्थल का माइक्रोप्लान अद्यतन किया जाए तथा प्रवासी और उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों की विशेष मैपिंग की जाए। उन्होंने आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के सहयोग से घर-घर सर्वेक्षण कर पात्र बच्चों की सूची तैयार करने तथा ड्रॉपआउट बच्चों का समयबद्ध फॉलोअप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में सभी स्वास्थ्य कर्मियों को नियमित निगरानी, सटीक डेटा प्रबंधन तथा सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने विश्वास जताया कि समन्वित प्रयासों से उदयपुर शहरी क्षेत्र में शत-प्रतिशत टीकाकरण कवरेज के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति सुनिश्चित होगी।