नाथद्वारा, 9 मई: पुलिस ने बड़ी वारदात को होने से पहले ही नाकाम कर दिया। नाथद्वारा थाना पुलिस ने पेट्रोल पंप लूट की साजिश रच रहे पांच शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर जिले में सनसनी फैला दी। आरोपी अवैध हथियारों और धारदार हथियारों से लैस होकर पेट्रोल पंप पर डकैती की तैयारी में थे, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध देसी पिस्टल, जिंदा कारतूस, तलवार, चाकू, लोहे की रॉड, मिर्ची पाउडर और दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नाथद्वारा थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रेलमगरा रोड पर स्थित बिजनोल पेट्रोल पंप के पास कुछ बदमाश झाड़ियों में छिपकर बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में बैठे हैं। सूचना मिलते ही थानाधिकारी कमलेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दी।
जैसे ही बदमाशों ने पुलिस को देखा, मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर पांचों को धर दबोचा। पूछताछ में आरोपियों ने पेट्रोल पंप लूट की योजना कबूल कर ली। पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी जिले के कुख्यात अपराधी और हिस्ट्रीशीटर हैं, जिनके खिलाफ पहले से कई गंभीर मामले दर्ज हैं।