बांसवाड़ा में इंसानियत शर्मसार, आदिवासी महिला के बाल मुंडवाए

Share

महिलाओं की भीड़ ने कपड़े फाड़कर लाठियों से पीटा, घटना का वीडियो वायरल होने पर पुलिस सक्रिय
जागरण संवाददाता, उदयपुर :
राजस्थान के आदिवासी जिला बांसवाड़ा में महिलाओं की भीड़ द्वारा एक आदिवासी महिला के साथ अमानवीय व्यवहार करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि भीड़ ने महिला के सिर के बाल मुंडवा दिए, उसके कपड़े फाड़ दिए और उसे घेरकर लाठियों से बेरहमी से पीटा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।
ससुराल पक्ष के लोगों पर आरोप
पुलिस के अनुसार घटना में शामिल महिला और पुरुष पीड़िता के ससुराल पक्ष से जुड़े बताए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि महिला कुछ दिन पहले अपने पीहर गई थी और वापस ससुराल नहीं लौटी थी। लौटने के बाद उसके साथ यह घटना होने की बात सामने आई है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों की पुलिस जांच कर रही है।
पति हिरासत में, अन्य आरोपियों की तलाश
पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल कराया है। मामले में मुख्य आरोपी बताए जा रहे पीड़िता के पति को हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। घटना के दौरान कुछ लोग वीडियो बनाते भी नजर आए। राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष रेहाना रियाज ने घटना की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।