कैनवास पर सजेगा मेवाड़ का शौर्य और स्वाभिमान

Share

हल्दीघाटी विजय सार्द्ध चतु:शती समारोह के तहत आज से तीन दिवसीय चित्र प्रदर्शनी, राष्ट्र चेतना संकल्प सभा की तैयारियां तेज
उदयपुर, 14 जून:
मेवाड़ के गौरवशाली इतिहास, शौर्य, बलिदान और स्वाभिमान की गाथाएं अब चित्रों के माध्यम से जन-जन तक पहुंचेंगी। हल्दीघाटी विजय सार्द्ध चतु:शती समारोह के अंतर्गत सोमवार 15 जून से महाराणा भूपाल स्टेडियम स्थित गांधी ग्राउंड में तीन दिवसीय भव्य चित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। प्रदर्शनी का उद्घाटन सायंकाल होगा, साथ ही हल्दीघाटी विजय पर आधारित लघु फिल्म के पोस्टर का भी लोकार्पण किया जाएगा।
169 चित्रों में जीवंत होगा मेवाड़ का इतिहास
प्रताप गौरव केन्द्र ‘राष्ट्रीय तीर्थ’ के तत्वावधान में आयोजित प्रदर्शनी में कुल 169 चित्र प्रदर्शित किए जाएंगे। इनमें 51 चित्र हल्दीघाटी युद्ध, जौहर और साकों से जुड़े हैं, जबकि 68 चित्र उदयपुर शहर की ऐतिहासिक गलियों, बाजारों और धरोहरों को दर्शाते हैं। इसके अलावा 50 चित्र देशभर से आए कलाकारों द्वारा महाराणा प्रताप जयंती कार्यशालाओं में तैयार किए गए हैं।
इतिहास, संस्कृति और विरासत की मिलेगी जानकारी
प्रदर्शनी में इतिहासविद और शोधकर्ता आमजन को मेवाड़ के शौर्यपूर्ण इतिहास, नगर नियोजन, जल प्रबंधन, पर्यावरण, कृषि और शिल्प ज्ञान से अवगत कराएंगे। इसके लिए गांधी ग्राउंड में 60 गुणा 80 फीट का विशेष डोम तैयार किया गया है।
16 जून को दुग्धाभिषेक, 17 को राष्ट्र चेतना संकल्प सभा
समारोह के संयोजक सीए महावीर चपलोत ने बताया कि 16 जून को प्रताप गौरव केन्द्र में महाराणा प्रताप की 57 फीट ऊंची प्रतिमा का दुग्धाभिषेक किया जाएगा। वहीं 17 जून को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहनराव भागवत के मुख्य आतिथ्य में राष्ट्र चेतना संकल्प सभा होगी। आयोजन को लेकर भोजन, पार्किंग, सुरक्षा, चिकित्सा और पेयजल व्यवस्थाओं की तैयारियां युद्धस्तर पर जारी हैं।