महायज्ञ, वैदिक संस्कार और भक्ति कार्यक्रमों में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
उदयपुर, 24 जून : गायत्री शक्तिपीठ, उदयपुर में आयोजित दो दिवसीय गायत्री जयंती महामहोत्सव बुधवार को आध्यात्मिक एवं भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर यज्ञ, संस्कार और भक्ति कार्यक्रमों का लाभ लिया।
महोत्सव का शुभारंभ मंगलवार को अखण्ड जप के साथ हुआ, जो पूरे दिन जारी रहा। शाम को भजन संध्या में गायत्री चालीसा, हनुमान चालीसा एवं भजनों की प्रस्तुति से भक्तिमय माहौल बना। बुधवार को भव्य गायत्री महायज्ञ आयोजित किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने हवन एवं पूजा-अर्चना में सहभागिता की।
यज्ञ की पूर्णाहुति के बाद दिव्य संस्कार एवं दीक्षा कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान पुंसवन, अन्नप्राशन, विद्यारंभ, यज्ञोपवीत एवं दीक्षा सहित 30 से अधिक वैदिक संस्कार संपन्न कराए गए। कार्यक्रम में डॉ. आलोक व्यास की विशेष उपस्थिति रही।
गायत्री शक्तिपीठ के व्यवस्थापक के.सी. व्यास ने सभी साधकों, श्रद्धालुओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना, सकारात्मक ऊर्जा और भारतीय संस्कारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। महोत्सव का समापन भोजन प्रसाद वितरण के साथ हुआ।