उदयपुर में ज्वेलरी शॉप में चोरी की नाकाम कोशिश, लाखों की संपत्ति सुरक्षित
Share
उदयपुर, 1 फरवरी: उदयपुर के भटेवर कस्बे में बदमाशों ने महालक्ष्मी जेवर की दुकान को निशाना बनाया, लेकिन उनकी कोशिश नाकाम रही। घटना शनिवार अलसुबह हुई, जब चोरों ने दुकान के ताले तोड़ दिए। शटर को ऊपर उठाने की पूरी कोशिश के बाद भी वे अंदर नहीं घुस पाए और अंततः खाली हाथ भाग गए।
दुकानदार गोपाल सोनी रविवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे, तब उन्हें टूटे ताले देखकर चोरी की जानकारी मिली। गनीमत रही कि शटर नहीं खुला, जिससे लाखों के जेवरात और नकद सुरक्षित रहे। घटना दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें बदमाश चोरी की कोशिश करते साफ नजर आ रहे हैं।
सूचना मिलने पर खेरोदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मौके का निरीक्षण किया। पुलिस ने फुटेज खंगाली और संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है। पीड़ित दुकानदार ने स्थानीय व्यापारियों की ओर से पुलिस से गश्त बढ़ाने की भी मांग की है। पुलिस सीसीटीवी के आधार पर हुलिए का मिलान कर बदमाशों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
