नदी में बिछी थी बिजली की लाइन, करंट की चपेट में आने से दो बहनों की मौत
Share
मवेशियों को पानी पिलाने गईं थीं, लापरवाही पर ग्रामीणों ने बिजली विभाग को ठहराया जिम्मेदार
प्रतापगढ़, 9 नवम्बर (विजन 360 न्यूज डेस्क): प्रतापगढ़ जिले के सुहागपुरा थाना क्षेत्र के सेमलिया खुर्द गांव में शनिवार शाम दर्दनाक हादसे में दो ममेरी बहनों की करंट लगने से मौत हो गई। दोनों नाबालिग लड़कियां मवेशियों को पानी पिलाने नदी पर गई थीं, जहां पानी में बिछी बिजली की तारों के संपर्क में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
थानाधिकारी छबीलाल के अनुसार मृतक बालिकाओं की पहचान रवीना (11) पुत्री दिलीप मीणा, निवासी जीरन, और लाली (13) पुत्री गेंदमल मीणा, निवासी सेमलिया खुर्द, के रूप में हुई है। रवीना अपने मामा के घर आई हुई थी। शाम करीब 6 बजे दोनों नदी पर गईं, जहां अंधेरे के कारण उन्हें पानी में फैली बिजली की तारें नजर नहीं आईं और वे करंट की चपेट में आ गईं।
जब देर रात तक दोनों घर नहीं लौटीं तो परिजनों ने तलाश शुरू की। ग्रामीणों की मदद से खोजबीन के दौरान दोनों के शव नदी में मिले। पुलिस ने शवों को मोर्चरी में रखवाया और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि नदी में लंबे समय से बिजली की तारें खुली पड़ी थीं, जिसकी जानकारी कई बार विद्युत विभाग को दी गई थी, लेकिन विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। लोगों का कहना है कि इसी लापरवाही ने दो मासूमों की जान ले ली। पुलिस ने परिजनों की सहमति से पोस्टमॉर्टम के बाद शव सौंप दिए हैं।
