रिसॉर्ट में चल रहा था अनैतिक देह व्यापार, 31 युवक और 8 युवतियां गिरफ्तार
Share
रात भर चली रेव पार्टी और वेश्यावृत्ति पर पुलिस ने किया दबिश
गोगुन्दा, 18 दिसम्बर: उदयपुर जिले के सायरा क्षेत्र में विस्मा गांव के पास स्थित हैरिटेज रिसॉर्ट होटल इंद्रप्रस्थ में पुलिस ने बीती रात दबिश देकर 31 युवक और 8 युवतियों को गिरफ्तार किया। आरोपी होटल में शराब और तेज साउण्ड के साथ रेव पार्टी आयोजित कर अनैतिक गतिविधियों में संलिप्त थे।
जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल ने बताया कि सूचना मिली थी कि इंदौर के राजेश शर्मा और नई दिल्ली के ऋषभ राजपूत ने होटल में दिल्ली से लड़कियों को बुलाकर शराब, मुजरा और देह व्यापार का आयोजन किया था। इस कार्रवाई में होटल संचालक मूलाराम भी शामिल पाया गया।
अवैध सामग्री जब्त, कई धाराओं में मामला दर्ज
एएसपी गोपाल स्वरुप मेवाड़ा के निर्देशन में गिर्वा डिप्टी गोपाल चंदेल मय टीम ने कार्रवाई की। मौके से अंग्रेजी ब्रांड की शराब, साउंड सिस्टम, पॉवर प्लस सिओग्रा टेबलेट, कंडोम और अन्य आपत्तिजनक सामग्री जब्त की गई। आरोपीयों के खिलाफ पीटा एक्ट, एक्साईज एक्ट और ध्वनि प्रदूषण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
गिरफ्तार किए गए युवक और युवतियों की पहचान विभिन्न जिलों से हुई है। इनमें दो विवाहिता महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और अन्य संभावित आरोपियों की पहचान में जुटी है।
