LOADING

Type to search

बेकाबू ट्रोले ने रोडवेज बस को मारी टक्कर

Local

बेकाबू ट्रोले ने रोडवेज बस को मारी टक्कर

Share

ट्रोला पकड़ने के लिए रोडवेज बस ने 25 किलोमीटर तक किया पीछा
लसानी, 21 दिसम्बर:
जयपुर से उदयपुर जा रही राजस्थान रोडवेज की बस को भीम के पास एक तेज रफ्तार बेकाबू ट्रोले ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रोला मौके से फरार हो गया, जिसे पकड़ने के लिए रोडवेज बस चालक ने करीब 25 किलोमीटर तक पीछा किया। इस दौरान लसानी के पास ट्रोला अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। गनीमत रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार रविवार को रोडवेज बस भीम में सवारियां उतार रही थी, तभी पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रोले ने बस को टक्कर मार दी और देवगढ़-भीम वाया ताल लसानी स्टेट हाईवे 56 की ओर भाग निकला। बस चालक ने ट्रोले का पीछा शुरू कर दिया। ट्रोला ताल लसानी, ईश्वरमंड और आसपास के गांवों से तेज गति से गुजरता रहा, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई। बस भी पूरी तरह सवारियों से भरी हुई थी और पीछा करते समय यात्रियों में भी अफरा-तफरी का माहौल रहा।
लसानी के पास स्नोवा खारी नदी की पुलिया के समीप ट्रोला सनोवा गांव की ओर गया, लेकिन रास्ता बंद होने पर वापस मुड़ते समय ईश्वरमंड चौराहे के पास एक तीखे मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गया। चालक मौके से भागने लगा, जिसे यात्रियों ने पकड़ लिया। इस दौरान मारपीट की स्थिति बनी, जिसे ग्रामीणों ने शांत कराया।
सूचना पर भीम और देवगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ट्रोले से बस को मामूली क्षति हुई थी, इसके बावजूद बस चालक ने सवारियों की सुरक्षा को नजरअंदाज कर लंबी दूरी तक तेज रफ्तार में पीछा किया, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था। इस बात को लेकर मौके पर बस चालक, यात्रियों और ग्रामीणों के बीच तीखी बहस भी हुई।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *