युवक की मौत से भड़का गुस्सा
Share
पुलिस हिरासत में तबीयत बिगड़ने के बाद उदयपुर के अस्पताल में भर्ती, आक्रोशित लोगों ने कलेक्ट्री पर किया जोरदार विरोध
डूंगरपुर, 30 सितम्बर : डूंगरपुर पुलिस हिरासत में रखे गए युवक दिलीप अहारी की अस्पताल में इलाज के दौरान मंगलवार को मौत हो गई। मृतक की मौत की सूचना मिलते ही कलेक्ट्री के सामने आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम लगा दिया। जाम के दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया और पुलिस बल अलर्ट हो गया।
आसपुर विधायक उमेश डामोर के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल कलेक्टर से वार्ता करने कलेक्ट्री पहुंचा। प्रतिनिधि मंडल ने आरोपियों के बर्खास्तगी, मृतक परिवार को मुआवजा और सरकारी नौकरी देने की मांग रखी। प्रशासन के साथ वार्ता के दौरान जाम शांत कराने के प्रयास किए गए।
पुलिस हिरासत और अस्पताल भर्ती
डूंगरपुर की दोवड़ा थाना पुलिस ने शुक्रवार को दिलीप अहारी को स्कूल में चोरी के मामले में हिरासत में लिया था। पूछताछ के दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया और बाद में उदयपुर रेफर किया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान मंगलवार को उसकी मौत हो गई।
धरने में शामिल सांसद रोत, परिजनों को एक करोड़ का मुआवजा और सरकारी नौकरी की मांग
दिलीप की तबीयत बिगड़ने के बाद सोमवार को परिजन और गांव के लोग कलेक्ट्री के सामने धरने पर बैठ गए। विरोध प्रदर्शन में बीएपी से आसपुर विधायक उमेश डामोर और मंगलवार को सांसद राजकुमार रोत भी शामिल हुए। उन्होंने दोषी पुलिसकर्मियों को निलंबित करने, परिवार को एक करोड़ रुपए मुआवजा और एक सरकारी नौकरी देने की मांग की।
डीएसपी पर हमला और पथराव
धरने के दौरान सराड़ा से ड्यूटी पर आए डीएसपी चांदमल सिंगाड़िया की सरकारी कार को कुछ युवकों ने रोक लिया। पीछे से पत्थर फेंके गए और कार के शीशे टूट गए। कुछ लोगों ने दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन डीएसपी सुरक्षित रहे और उन्हें चोट नहीं आई।
पुलिस ने तुरंत स्थिति को नियंत्रित किया और जाम खुलवाया। प्रशासन ने मृतक की मौत की जांच तेज कर दी है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया है। इसके साथ ही मृतक के परिजनों को न्याय और मुआवजा दिलाने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं।
