अंजुमन तालीमुल इस्लाम ने बनाई पहली बार महिला विंग
Share
नाम रखा गया, “अंजुमन रिफअत उन्नीसा (अंजुमन निसा)”
उदयपुर, 16 नवम्बर : अंजुमन तालीमुल इस्लाम, उदयपुर ने शहर में तालीम, तरबीयत और महिला सशक्तीकरण को नई दिशा देने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल की है। शहर के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी तरक़्क़ियाफ़्ता, जागरूक और पेशेवर महिलाओं की मौजूदगी में अंजुमन काबीना के साथ एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें महिला शिक्षा, कौशल विकास, सामाजिक जागरूकता और समुदाय के भीतर नेतृत्व क्षमता को मजबूत करने पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ।
बैठक में सर्वसम्मति से यह महत्वपूर्ण निर्णय किया गया कि महिलाओं के व्यवस्थित, संगठित और प्रभावी कार्य के लिए अंजुमन के इतिहास में पहली बार अलग महिला विंग “अंजुमन रिफअत उन्नीसा (अंजुमन निसा)” की स्थापना की जाय। यह फैसला उदयपुर में महिला नेतृत्व, सामाजिक सहभागिता और सामुदायिक उत्थान की दिशा में एक नए युग का शुभारंभ माना जा रहा है।
इस ऐतिहासिक बैठक में हेल्थ व मेडिकल विशेषज्ञों, प्रोफेसर, शिक्षिकाओं, प्रिंसिपलों, एडवोकेट्स, रिटायर्ड राजकीय कर्मचारियों, बिज़नेस वूमेन, राजनीति क्षेत्र की प्रतिनिधियों और समाजसेवी महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने अनुभव, सुझाव व आवश्यकताओं को साझा किया। विविध क्षेत्रों की महिलाओं की भागीदारी ने यह साबित किया कि यह पहल सिर्फ एक संस्था की नहीं, बल्कि पूरे उदयपुर की प्रगतिशील सोच का प्रतिबिम्ब है।
अंजुमन तालीमुल इस्लाम का कहना है कि नई महिला विंग शिक्षा के विस्तार, कौशल उन्नयन, सेल्फ डिफेंस, स्वास्थ्य जागरूकता, पारिवारिक समस्याओं के समाधान, समुदायिक नेतृत्व निर्माण और सामाजिक भागीदारी जैसे क्षेत्रों में सशक्त रूप से कार्य करेगी। संस्था को उम्मीद है कि यह नई पहल मुस्लिम महिलाओं को उनकी पूरी क्षमता तक पहुंचाने, समाज में सार्थक योगदान देने और उन्हें आत्मनिर्भर व सशक्त बनाने की दिशा में एक मजबूत आधार बनेगी।
