LOADING

Type to search

आलोक स्कूल में फिर शर्मनाक वारदात: शिक्षक पर छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप

Local

आलोक स्कूल में फिर शर्मनाक वारदात: शिक्षक पर छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप

Share

आक्रोशित परिजनों ने स्कूल पहुंचकर की पिटाई, पुलिस जांच में जुटी
उदयपुर, 31 अक्टूबर:
हाथीपोल थाना क्षेत्र के पंचवटी स्थित आलोक स्कूल में एक बार फिर शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहाँ आठवीं कक्षा की छात्रा से एक शिक्षक द्वारा छेड़छाड़ का गंभीर आरोप लगा है। घटना के बाद, शुक्रवार को आक्रोशित परिजनों ने सीधे स्कूल पहुंचकर आरोपी शिक्षक चंद्रशेखर कुमावत की जमकर पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल शिक्षक को पुलिस ने एमबी चिकित्सालय में भर्ती कराया है।
परिजनों के अनुसार शिक्षक ने छात्रा से आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, “तेरे गाल तो लाल और मुलायम हैं, तुझे नहीं मारूंगा,” और किताबें लेने के बहाने उसे अनुचित रूप से छुआ। बच्ची द्वारा घर पर बताने के बाद परिजनों ने स्कूल प्रशासन से शिकायत की, लेकिन उचित कार्रवाई न होने पर वे शुक्रवार को स्कूल पहुंचे। जब शिक्षक को छिपाने का प्रयास किया गया, तो गुस्से में आकर उन्होंने हमला कर दिया।
यह पूरी घटना स्कूल के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। हाथीपोल थाना पुलिस ने आरोपी शिक्षक को डिटेन कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, आरोपी शिक्षक ने अस्पताल से एक वीडियो जारी कर खुद को निर्दोष बताते हुए सफाई दी है।
इसी स्कूल की दूसरी शाखा में भी हुई थी रेप की वारदात
आलोक संस्थान की एक अन्य शाखा में करीब दो माह पहले भी शर्मनाक घटना सामने आई थी। वहां जिम ट्रेनर प्रदीप सिंह ने 13 वर्षीय छात्रा को छुट्टी के दिन स्कूल बुलाकर जिम कक्ष में दुष्कर्म किया था। घटना सामने आने के बाद शहरभर में आक्रोश फैल गया था और विभिन्न संगठनों ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया था। अंबामाता थाना पुलिस ने मामले की जांच कर सात दिन बाद आरोपी जिम ट्रेनर को गिरफ्तार किया था। लगातार दो घटनाओं के बाद अभिभावक वर्ग में स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था और छात्राओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
पूर्व छात्र परिषद की निष्पक्ष जांच की मांग
आलोक संस्थान पूर्व छात्र परिषद के केके कुमावत एवं अन्य छात्र—छात्राओं ने इस घटना को लेकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। कुमावत का कहना है कि यह संस्था को बदनाम करने की साजिश है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *