LOADING

Type to search

मौताणे की मांग को लेकर आगजनी, तोड़फोड़

Local

मौताणे की मांग को लेकर आगजनी, तोड़फोड़

Share

शोभावटी गांव में हुई थी घटना; 8 आरोपी गिरफ्तार

उदयपुर, 10 सितम्बर
बांसवाड़ा जिले के पाटन थाना पुलिस ने तीन दिन पूर्व शोभावटी गांव में मकानों में आगजनी और तोड़फोड़ करने के मामले में 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। घटना एक युवक की मौत के बाद दो पक्षों में चल रहे विवाद के कारण हुई।
पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने बताया कि शोभावटी गांव में बीते दिनों लक्ष्मण नामक युवक की मौत हो गई थी। इस मामले को लेकर गांव में ही दो पक्षों में विवाद चल रहा था। 8 अगस्त को गांव के गलिया पुत्र दीपा चरपोटा ने पाटन थाने पर रिपोर्ट दी। इसमें बताया कि 7 अगस्त की शाम को वह अपने परिवार के साथ घर पर घरेलू काम कर रहा था। इसी दौरान हुकिया चरपोटा और करीब 25 से 30 लोग लाठी, पत्थर, कुल्हाड़ी आदि लेकर आए और जबरन घर में घुस गए।
जो दिखा तोड़फोड़ दिया
रिपोर्ट के अनुसार आरोपियों ने लक्ष्मण को मार देने और झूठे मुकदमे कराने की बात करते हुए गालीगलौज की। इसके बाद आरोपियों ने उसके घर में कमरों के दरवाजे, सीमेंट की चद्दरें, लकड़ी की चारपाई, आंगन में रखी मोटर साइकिलों के साथ तोड़फोड़ की। परिवार की महिलाओं से अभद्रता की। आरोपियों ने हमारे आदमी को मारने के कारण 10 लाख रूपए की मांग करते हुए धमकाया और प्रार्थी गलिया और वालजी चरपोटा के मकान में आग लगा दी। इससे मक्का, गेहूं, धान की 8 बोरियां और चांदी के जेवर जल गए।
इन्हें किया गिरफ्तार
रिपोर्ट पर पाटन थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया। इसके बाद उप अधीक्षक मदनलाल विश्नोई के मार्गदर्शन में पाटन, कुशलगढ और कसारवाड़ी थाने की टीमें गठित की। थानाधिकारी प्रवीणसिंह ने बताया कि बुधवार को पुलिस टीमों ने सरपोटा गांव में दबिश देकर 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसमें हुकिया, खूमचंद, कालू, प्रभु, कमलेष, बापू, रामा और समरिया सम्मिलित हैं। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की भी तलाश कर रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *